April 20, 2024

2 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार : छात्रसंघ चुनाव के बाद वारदात की फिराक में था, 1 पिस्टल 3 कारतूस बरामद

भरतपुर। भरतपुर में छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद एक 2 हजार का इनामी बदमाश वारदात करने की फिराक में पिस्टल और कारतूस लेकर घूम रहा था। जिसे पुलिस ने कल रात ही गिरफ्तार कर लिया। युवक भरतपुर के कॉलेजों के बाहर के भी चक्कर काट रहा था। आरोपी पर भरतपुर जिले में 9 मुकदमे दर्ज हैं।
लखनपुर थाना अधिकारी विशम्बर को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अजय झामरी गांव का रहने वाला चुनावों के संपन्न होने के बाद वारदात करने की फिराक में घूम रहा है। उसके पास अवैध हथियार भी हैं। वह कॉलेजों के बाहर के चक्कर काट रहा है।
सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस भरतपुर पहुंची। अजय के ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी। तभी पता लगा की आरोपी अजय डेहरा मोड़ की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस पहरसर मोड़ पर पहुंची। उस समय एक कार डेहरा मोड़ की तरफ जाती हुई दिखाई दी। जिसमें एक युवक बैठा हुआ था। पुलिस ने कार को रुकवाया।
पुलिस ने युवक का नाम पूछा तो उसने अपना नाम अजय(21) बताया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास एक पिस्टल 32 बोर की और 3 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी की 7 महीने से तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी पर 2 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ है।