May 2, 2024

पत्नी को लेने आए युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग : पत्नी ने साथ जाने से मना किया तो गुस्से में उठाया कदम, 40फीसदी झुलसा

कोटा। मायके में रह रही पत्नी को सुसराल लेने आए पति ने सुसाइड की कोशिश की। पत्नी के साथ जाने से मना करने पर पति ने खुद को आग लगा ली। झुलसी हालत में उसे एमबीएस हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती करवाया है। घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र इलाके की है।
प्रेमनगर प्रथम निवासी विजय की शादी 4 साल पहले कुन्हाड़ी निवासी अन्नू के साथ हुई थी। डेढ़ महीने पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद से ही अनु अपने मायके कुन्हाड़ी में रहने लगी थी। बुधवार को विजय अपनी पत्नी को लेने सुसराल पहुंचा था। अन्नू के पिता घर पर नही थे। विजय ने अपनी पत्नी से साथ चलने को कहा। दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद विजय घर से बाहर आ गया। बाहर आकर उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद के आग लगा ली। उसे तुरंत एमबीएस हॉस्पिटल लाया गया। उसका बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है। युवक करीब 40 फीसदी झुलसा है।
विजय के पिता छीतर लाल ने बताया कि विजय पुताई का काम करता है। शराब पीता है। दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। डेढ़ महीने पहले पत्नी अपने मायके कुन्हाड़ी स्थित बापू नगर चली गई थी। बुधवार को सुबह 11 बजे करीब विजय अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। दोनों के बीच पता नहीं क्या बात हुई। विजय ने खुद पर शीशी में रखा पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
पत्नी अन्नू ने बताया डेढ़ महीने पहले दोनों की आपस में लड़ाई हुई थी। तब से वह मायके में रह रही थी। बुधवार को उसके पति लेने आए थे। उन्होंने कहा घर चलो, मैंने कहा पापा को आने दो, फिर चलेंगे। बस इतनी सी बात हुई थी। इसके बाद मोबाइल मांग कर बाहर निकले, जाने कहां से शीशी लाकर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया।