March 29, 2024

13 साल की लड़की से रेप की कोशिश : घुमाने के बहाने सुनसान जगह ले गया परिचित, शोर मचाने पर छोड़कर भागा

जयपुर। जयपुर में 13 साल की लड़की से रेप के प्रयास का मामला सामने आया है। परिचित युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया। नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
SHO दिलीप सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी नितेश मण्डल (25) निवासी बिशनपुर दरभंगा बिहार को गिरफ्तार किया है। वह शास्त्री नगर इलाके में रहकर मजदूरी का काम करता है। घटनाक्रम के मुताबिक, शुक्रवार को इलाके में रहने वाली 13 साल की लड़की घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान परिचित होने के कारण वह उससे बातचीत करने लगा। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ अम्बाबाड़ी नाले की तरफ ले गया।
नाले के पास पहले तो इधर-उधर घुमाता रहा। उसके बाद छेड़छाड़ कर नाबालिग लड़की से रेप का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाकर विरोध करने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। आरोपी परिचित के चुंगल से जैसे-तैसे भाग कर पीड़िता घर पहुंची। घर पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। गुस्साएं परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी परिचित नितेश मण्डल को देर रात गिरफ्तार कर लिया।