April 19, 2024

बड़ी खबर : स्वास्थ्य मंत्री को पुलिस अफसर ने मारी गोली, हालत गंभीर; एयरलिफ्ट करके लाया गया, मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री

भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास पर रविवार दोपहर करीब एक बजे जानलेवा हमला हुआ। उन्हें ड्यूटी में तैनात एक ASI ने गोली मार दी। घटना के दौरान मंत्री झाड़सुगड़ा के ब्रजराजनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार की अगली सीट पर बैठे दास जैसे ही नीचे उतरे ASI ने उनके सीने में दो गोली मार दी। खून से लथपथ दास कार के पास ही गिर पड़े।
घटनास्थल पर मौजूद उनके समर्थकों ने उन्हें पकड़ा और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा। कुछ देर बाद उन्हें एअरलिफ्ट कर भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल लाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी दास से मिलने अस्पताल पहुंचे। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है।

लोगों ने पुलिसकर्मी को गोली चलाकर भागते देखा
आई विटनेस एडवोकेट राम मोहन राव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।

पत्नी का दावा- मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा ASI
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो- मंत्री पर फायरिंग करने वाला ASI गोपाल दास मानसिक रूप से बीमार है, जिसका वो 7-8 साल से इलाज करा रहा है। यह बात गोपाल की पतनी जयंती ने कही है। जयंती का कहना है कि दवा लेने के बाद ही गोपाल सामान्य व्यवहार करता है। उन्होंने कहा- मुझे घटना की जानकारी न्यूज से ही मिली थी। वो पांच महीने पहले घर आया था। रविवार सुबह मेरी और बेटी की उससे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। इसके बाद बात नहीं हुई।

सीएम ने कहा- हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं
ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा- हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।

झारसुगुड़ा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक
नब किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 का चुनाव वे बीजू जनता दल से लड़कर लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नब किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।

ओडिशा के सबसे अमीर मंत्रियों में से हैं नब किशोर
नब किशोर ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री के पास 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन हैं, जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है।