March 29, 2024

बीकानेर / कुआं धंसने से मिट्टी के नीचे दबा मजदूर : कुएं में लगी ईंट निकालते समय हादसा, रेस्क्यू में जुटी टीम
बीकानेर। संभाग के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी थाना क्षेत्र की सरदारगडिय़ा पंचायत में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कुआं धंसने से एक मजदूर उसके अंदर दब गया। वह कुएं में लगी ईंटों को निकाल रहा था तभी हादसा हो गया। ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी है। गोगामेड़ी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सरदारगडिय़ा पंचायत की बेरवालों की ढाणी में एक श्रमिक के कुएं में दबने की सूचना मिली तो टीम सहित मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि श्रमिक महेंद्र (55) पुत्र चिमना राम मीणा निवासी बेरवालों की ढाणी खेत मे बने कुएं की ईंटों को निकाल रहा था। अचानक मिट्टी धंसने से उसके द्वारा बनाया गया पेढ (खड़े होने का ढांचा) नीचे गिरा और फिर वो खुद कुएं में गिर गया। इसके बाद उसके ऊपर गिरी मिट्टी से वो कुएं में दब गया। अजय कुमार ने बताया कि फिलहाल कई जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों से श्रमिक को निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन अभी तक श्रमिक का कोई सुराग नहीं लगा है। ग्रामीणों ने बताया की कुआं करीब 30 फीट से ज्यादा गहरा था। 10 फीट तक ईंट निकली हुई थी। वह इससे नीचे 20 फीट की ईंट निकाल रहा था। मौके पर एसडीएम और सीओ सुनील कुमार मौजूद थे। श्रमिक को निकालने का प्रयास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।