April 26, 2024

भाजपा का आरोप-राहुल की यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे : कांग्रेस बोली- भाजपा की साजिश, सीएम ने कहा- कार्रवाई होगी

भोपाल। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उस वक्त विवादों में घिर गई, जब भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया में एक वीडियो जारी कर यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए जाने का दावा किया। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर वॉर छिड़ गई है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की बौखलाहट और यात्रा को बदनाम करने की साजिश बताया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिवराज के अलावा भाजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस को निशाने पर लिया।

MP में भारत जोड़ो यात्रा का तीसरा दिन
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में शुक्रवार को तीसरा दिन है। यात्रा अभी खरगोन जिले से गुजर रही है। जिसमें प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई सीनियर लीडर शामिल हैं।

सीएम बोले- नारे लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी
भारत जोड़ो यात्रा के इस वीडियो को लेकर मचे घमासान के बीच शिवराज सिंह ने लिखा- ‘भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

जयराम रमेश बोले- भाजपा यात्रा की सफलता से बौखलाई
कांग्रेस ने इसे भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे समर्थन पर भाजपा की बौखलाहट बताया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा को अपार जन समर्थन मिलता देख बौखलाई भाजपा ने यात्रा को बदनाम करने के लिए एक डॉक्टर्ड वीडियो चलाया है। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं। करारा जवाब दिया जाएगा।

BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले-ये बेहद शर्मनाक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सरेआम ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे से कांग्रेस की देश तोड़ने की मानसिकता फिर से उजागर हुई है। यह बार बार साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

शिवराज के मंत्री ने कहा- यह देशद्रोह की श्रेणी में
इधर, शिवराज के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग को इकट्‌ठा करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं। लगातार राहुल गांधी भारत जोड़ो नहीं भारत तोड़ो यात्रा कर रहे हैं। यह जांच का विषय है कि राहुल की इस यात्रा की स्पॉन्सरशिप पाकिस्तान से आई है। तत्काल प्रभाव से उन्हें लोकसभा सदस्यता के साथ राजनीति छोड़ देनी चाहिए।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- ये भारत तोड़ो यात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी राहुल गांधी की भारत यात्रा व उनके द्वारा टंट्या मामा व बिरसा मुंडा को संघ द्वारा पकड़ाने के बयान पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि इसलिए तो कहते हैं कि ये भारत तोड़ो यात्रा है। राहुल गांधी की यात्रा में आज फिर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे (ये वीडियो @INCMP ने ट्वीट किया था। फिर इसे डिलीट कर दिया गया)। राहुल और @INCMP का हाथ पाकिस्तान के साथ।