March 29, 2024

ट्रक से भिड़ी कार, 6 साल की बच्ची-नाना की मौत:घूमने निकले थे तीन बहनों के परिवार के 11 लोग; ड्राइवर की भी जान गई
अजमेर।
अजमेर के श्रीनगर के पास रविवार देर रात 11 लोगों से भरी कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आठ घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया है। कार में सवार लोग जयपुर में अपने भाई से मिल कर लौट रहे थे। मृतक व घायल गांव टाटोटी के रहने वाले हैं।

मृतकों में कार का ड्राइवर भागचंद और नाना ज्ञानचंद (62), दोहिती हरदिया (6) शामिल हैं। वहीं, 6 साल की आरोही जेएलएन हॉस्पिटल में एडमिट है। उसकी हालत गंभीर है। कार सवार घायल युवती रसना ने बताया- पूरा परिवार जयपुर से टाटोटी जा रहा था। सभी नींद में थे। सिर्फ एक व्यक्ति कार में जाग रहा था। उसने बताया कि आगे वाला ट्रक ओवरस्पीड में था। अचानक से उसने ब्रेक लगा दिए। इसके बाद हमारी गाड़ी उससे भिड़ गई।

श्रीनगर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया- रात 11 बजे के करीब गांव बड़ा बावड़ी के नजदीक इको कार का एक्सीडेंट हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली गई। एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौत हुई है। आठ लोगों को जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक्सीडेंट कैसे हुआ इसकी जानकारी ली जा रही है। मृतकों के शव को हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। दरअसल, तीन बहनें और उनका पूरा परिवार छुट्टियों में 20 मई को छोटे भाई इंजीनियर अविनाश से मिलने के लिए जयपुर गया था। साथ में माता-पिता भी थे। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।