सीएम गहलोत ने स्वीकारी राहुल गांधी की चुनौती, कहा… हम आगे निकलकर उन्हें बता देंगे
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि हम ऐसी तैयारी करेंगे कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से ज्यादा सीटें लेकर राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनाएं। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री गहलोत जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बात को हम चुनौती के रूप में स्वीकार कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा था कि राजस्थान में मुकाबला है…कांग्रेस जीत सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब सात दौरे कर चुके हैं। कई केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भी लगातार प्रदेश के दौरे पर हैं। भाजपा से पांच-पांच मुख्यमंत्री के दावेदार घूम रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता अपना मन कांग्रेस के पक्ष में बना चुकी है।
शेखावत पर तंज
मुख्यमंत्री गहलोत ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर तंज कसते हुए कहा कि संजीवनी के मामले में गरीबों को न्याय मिलता है तो मैं जेल जाने के लिए भी तैयार हूं। उन्होंने कहा कि गरीबों को हक दिलाने के लिए राजनीति से हटकर सभी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा है। गहलोत ने कहा कि मैंने किसी के लिए कोई दुर्भावना नहीं रखी। मैंने कोई कैंपेन नहीं चलाया। एक केंद्रीय मंत्री का स्कैंडल सामने आ रहा है। इनकी पार्टी के लोगों को समझना चाहिए।
सूर्यकांता सीनियर लीडर
सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास के मुख्यमंत्री की तारीफ पर भाजपा में बवाल के सवाल पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि व्यास भाजपा की सीनियर लीडर है। उन्होंने अपनी भावना रखी है। इसमें किसी को आपत्ति क्यों है।