April 20, 2024

राजस्थान में चलेगी शीतलहर, इन जिलों पर रहेगा असर, पढ़ें पूरी खबर

जयपुर। राजस्थान में सर्दी जोर पकड़ती जा रही है और इसी सप्ताह कुछ जिले शीतलहर की चपेट में होंगे। उधर, सीकर में फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे आ गया है, जबकि चूरू 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि जब दो से तीन स्थानों पर तापमान 4 डिग्री से नीचे आता है तो शीतलहर का जोर शुरूी होता है। ऐसे में शेखावाटी किसी भी दिन शीतलहर की चपेट में आ सकता है। उधर, कहा जा रहा है कि आगामी सप्ताहभर तक आसमान साफ रहने से हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।

शेखावाटी पर असर सबसे ज्यादा
शेखावाटी की बात करें तो यहां सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। फतेहपुर में लगातार गिरता तापमान बीती रात 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम साफ होते ही फतेहपुर में न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री की गिरावट आ गई। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मौसम शुष्क रहने से अगले दो दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री और गिर सकता है। सीकर के ग्रामीण अंचल में अलसुबह खेतों में ओस की चादर बिछी नजर आई। उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने से जनजीवन ठिठुर गया। सूरज निकलने के बाद भी दोपहर मेें धूप में नरमी रही। गलन बढ़ने के कारण धूप में सर्दी का असर रहा। शाम होते ही सर्दी बढ़ गई और लोग घरों में दुबकने लगे।

यहां चलेगी शीतलहर
जयपुर मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक आर.एस. शर्मा की माने तो शेखावाटी में सर्दी का जोर सबसे ज्यादा रहेगा। फतेहपुर 4 डिग्री से नीचे आ चुका है और चूरू दो दिन के भीतर और सर्द होगी। उधर, सीकर में तापमान 8 डिग्री से नीचे चल रहा है, जो तीन दिन के भीतर 4 डिग्री से नीचे आ सकता है। ऐसे में शेखावाटी शीतलहर की चपेट में होगा।