April 23, 2024

‘सास के तानों से परेशान हो चुका हूं’…लिखकर किया सुसाइड : लिखा- मेरे मरने के बाद प्रॉपर्टी में पत्नी और बच्चों को हिस्सा मत देना

कोटा। ‘मैं चेतन और पूजा दोनों साथ में रहते थे। मेरे सास-ससुर मुझसे पैसे मांगते हैं। मैं मेरे बच्चों का पेट पालने के लिए काम भी करता था और पूजा के जेवर को भी बेच दिए। मेरे से 2 लाख और बच्चों को ले गए। मैं दो बार लेने गया। मेरे साथ मारपीट करके थाना पहुंच गए। मेरे से कहते हैं कि तेरे मां-बाप के मकान में से हिस्सा लेंगे।
अपनी सास के ताने सुनकर परेशान हो गया हूं। मरने के बाद पूजा और दोनों बच्चों को प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देना। पूजा की मम्मी को जेल करा देना’। ये सुसाइड नोट है कोटा के रहने वाले चेतन (33) का। चेतन ने 15 फरवरी को अपने कमरे पर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। शुक्रवार को मृतक चेतन के बड़े भाई को पास वाले कमरे में एक पर्स मिला था। जो चेतन का था। उसको चेक किया तो उसमें चिट्ठियां मिली। परिजन चिट्ठियों को लेकर थाने पहुंचे।
चेतन के परिवार को पर्स से सुसाइड नोट लिखी 5 चिट्ठियां मिली हैं। इसमें चेतन ने अपने सास-ससुर व पत्नी को मौत का जिम्मेदार बताया है। चेतन के पिता आत्माराम ने बताया कि उनके 2 बेटे व 1 बेटी में चेतन सबसे छोटा था। साल 2015 में उसकी शादी की थी। चेतन के दो बच्चे हैं। शादी के 4 साल बाद से ही उसकी पत्नी के कहने पर चेतन अलग रहने लगा था। कुछ महीने अलग रहने के बाद दोनों पति-पत्नी अलग हो गए। पत्नी, दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई। तब से चेतन तनाव में था।
पिता आत्माराम ने बताया- चेतन के सास-ससुर उससे 5 लाख रुपए और मकान में से पत्नी का हिस्सा मांग रहे थे। करीब 3 साल से दोनों परिवारों में इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सुसाइड करने से 10 दिन पहले चेतन अपने जीजा के साथ जयपुर में बात करने गया। ससुराल वालों ने चेतन के जीजा की एक नहीं सुनी। दोनों वापस कोटा लौट आए।
आत्माराम ने बताया- 15 फरवरी सुबह साढ़े 10 बजे करीब चेतन अपनी मां को काम के सिलसिले में कहीं छोड़कर आया। पीछे से उसने कमरे में फांसी लगा ली। उसके कान में हेडफोन लगा था। मोबाइल में ऑडियो रिकॉर्डिंग चालू थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चेतन का मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिया है।