April 25, 2024

मकान में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप : 10 लाख का हुआ नुकसान, 1 घंटे बाद पहुंची अग्निशमन की गाड़ी

अजमेर। अजमेर के चंद्रवरदाई दीप दर्शन कॉलोनी में बुधवार सुबह मकान में भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग तुरंत घर से बाहर निकल गए। पड़ोसियों की मदद से मकान से गैस की टंकियों को बाहर निकाला गया। करीब 1 घंटे बाद पहुंची अग्निशमन की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। आग लगने से मकान मालिक को 10 लाख का नुकसान हुआ है। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। रामगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, बुधवार सुबह चंद्रवरदाई स्थित दीप दर्शन कॉलोनी में राजकुमार मेहरा के घर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगते ही परिवार के लोग तुरंत घर से बाहर निकल गए। आग की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रवासी इकट्ठा हुए और पहले घर में मौजूद गैस की 2 टंकियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में अग्निशमन विभाग और रामगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई।
काफी देर तक क्षेत्रवासियों के द्वारा ही टैंकर और पानी की बाल्टी ओर से आग को बुझाने का प्रयास किया गया। करीब 1 घंटे बाद पहुंची अग्निशमन की गाड़ी ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। रामगंज थाना पुलिस ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बहन के चिल्लाने पर बाथरूम से निकला
पीड़ित मकान मालिक राजकुमार मेहरा ने बताया कि सुबह उठने के बाद वह फ्रेश होने के लिए बाथरूम में गया था। इस बीच उसकी बहन के चिल्लाने की आवाज आई और वह चिल्लाती रही कि भैया घर में आग लग गई है। आग की सूचना मिलते ही वह तुरन्त बाथरूम से बाहर निकला और परिवार के लोगों के साथ घर से बाहर आ गया।

करीब 10 लाख का हुआ नुकसान
राजकुमार मेहरा ने बताया कि आग लगने के कारण उसके घर में रखी 8 एलईडी टीवी, अट्ठारह मिक्सर मशीन, सहित घर में रखा सामान और 1 लाख 52 हजार आग में जलकर खाक हो गए। पीड़ित मकान मालिक के अनुसार उसे करीब 10 लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने बताया कि वह ऐमेज़ॉन ऑनलाइन फ्लिपकार्ट कंपनी के लिए काम करता है। कंपनियों का सामान ही उसके घर पर पढ़ा हुआ था। आग लगने के कारण सब कुछ जल गया।

अग्निशमन वाहन जल्द पहुंचता तो नहीं होता नुकसान
पीड़ित ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। रामगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। लेकिन अग्निशमन विभाग की गाड़ी करीब 1 घंटे बाद पहुचीं थी। जिसके कारण घर में सारा सामान जल गया। पीड़ित ने कहा कि अगर अग्निशमन विभाग की गाड़ी जल्द मौके पर पहुंचती तो उसे इतना नुकसान नहीं होता।