April 25, 2024

समलैंगिक लड़कों का बनाते थे अश्लील वीडियो, बंद कमरे में करते थे जबरदस्ती, चार गिरफ्तार

‘गे डेटिंग एप’ के जरिए लड़कों को अपने जाल में फंसाकर वसूली करने वाले गैंग का शाहदरा थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास शर्मा, अंशु कुमार, आशुतोष और शिवम कुमार के रूप में हुई है। आरोपी गे डेटिंग एप (समलैंगिक लोगों के लिए डेट करने का एप) के जरिए कॉलेज के लड़कों को अपने जाल में फंसाते थे। बाद में उनकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। फिलहाल आरोपियों को डीयू के छात्र को अपने जाल में फंसाकर वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से पीड़ित छात्र द्वारा वसूला गया कुछ कैश, उसका मोबाइल फोन और स्कूटी के अलावा वारदात में इस्तेमाल मोबाइल व बाइक बरामद की है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि आरोपी अब तक करीब 15 से 20 युवाओं से इसी तरह वसूली कर चुके हैं। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि कॉलेज के छात्र ने थाने में जबरन वसूली की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी रूचि गे डेटिंग एप में थी। उसने डेटिंग एप के जरिये एक युवक से चैटिंग शुरू कर दी। तीन-चार दिन चैट करने के बाद आठ नवंबर को युवक ने उससे मिलने की इच्छा जाहिर की। पीड़ित इसके लिए तैयार हो गया। दोनों दुर्गापुरी स्थित एक पिज्जा शॉप पर मिले। बाद में युवक छात्र को एक कमरे पर ले गया। वहां समलैंगिक संबंध बनाने के दौरान तीन लड़के कमरे में आए और उन्होंने दोनों का अश्लील वीडियो बनाना शुरू कर दिया।