April 26, 2024

पति ने बेवफाई की तो पत्नी ने रचाई 9 शादियां, बियर बार में पकड़ी गई

सीकर/दांतारामगढ़। पति की बेवफाई के बाद उसने शादी को धंधा बना लिया। आठ वर्ष में नौ शादियां कर 36 लाख से अधिक की रकम लूट ली। इन पैसों से बार में बीयर पीने और होटल में ऐश करने का शौक पूरा करती थी। दांतारामगढ़ इलाके में एक दिन की दुल्हन बनकर चार लाख रुपए की चपत लगाने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो यह कहानी सामने आई। नौ शादियां कर 36 लाख रुपए की चपत लगाने वाली इस महिला के खिलाफ पहले किसी ने पुलिस में भी मामला दर्ज नहीं करवाया। ऐसे में शादी के बाद लूट को इसने धंधा ही बना लिया।
थानाधिकारी मदनलाल कड़वासरा ने बताया कि गिरफ्तार महिला दीपिका जयासवाल पुत्री नरेंद्र जयासवाल कलाल मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार इलाके के ताजनागपुर गांव की रहने वाली है। इलाके के निवासी रामगोपाल ने थाने में मामला दर्ज करवाया था कि उसे दांता के ओमप्रकाश ने बताया था कि उसकी महाराष्ट्र से लड़कियां लाकर शादी करवाने वाले भोपाल के संतोष कुमार से पहचान है। संतोष से मिलकर आपकी शादी करवाई जा सकती है। बाद में ओमप्रकाश ने संतोष से उसकी बात भी करवा दी। बातचीत में डेढ़ लाख रुपए में शादी करवाना तय हुआ।

ढाई लाख नकद और मंगलसूत्र लेकर गायब
संतोष कुमार 5 अगस्त 2022 को महिला दीपिका जयसवाल को लेकर दांता आया। इनके साथ छाया पुत्री दरियाव मीणा व सदाशिव सुखदे पुत्री अर्जुन भातु जलगांव महाराष्ट्र भी आए थे। इस पर रामगोपाल ने ओमप्रकाश व संतोष कुमार को डेढ़ लाख रुपए का भुगतान कर दिया। इसके दूसरे दिन नोटेरी से विवाह का इकरारनामा तैयार करवा लिया गया। रामगोपाल ने दीपिका जयसवाल को पत्नी मानकर सोने का मंगलसूत्र, नाक की बाली व अन्य जेवरात दे दिए, लेकिन दीपिका इसके दूसरे ही दिन घर से एक लाख रुपए और जेवर लेकर गायब हो गई। इसके बाद उसकी कई जगह तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल पाया। शादी करवाने वाला संतोष कुमार भी झांसा देते रहा। बाद में इसका थाने में मामला दर्ज करवाया।

बियर बार में पकड़ा
लुटेरी दुल्हन की गिरफ्तारी के लिए दांता से पुलिस टीम मध्यप्रदेश पहुंची। महिला घर पर नहीं मिली। इस दौरान पुलिस को पता लगा कि दीपिका बार में शराब पीने की शौकीन है। वह रात के समय होटलों में ही रहती है। ऐसे में पुलिस टीम ने बीयर बार पर नजर रखना शुरू किया। पुलिस को वह बार में शराब पीते हुए मिल गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। दीपिका को थाने लेकर पूछताछ की गई तो पुलिस भी दंग रह गई। दीपका ने पति को छोड़ने के बाद अब तक नौ बार शादी की है। उसने ताजनपुर, बुरहानपुर, शिवना, खंडवा, खांगुर, दांता और छेगांव में शादी करने की बात स्वीकार की है। प्रत्येक शादी के बाद वह औसत चार लाख रुपए के जेवरात व नकदी लेकर भाग गई। इनमें से किसी भी मामले में पुलिस उसके पास नहीं पहुंची। ऐसे में माना जा रहा है कि ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित पुलिस के पास गए ही नहीं।