April 18, 2024

विधायक बेटे की पत्नी बोली : पीट-पीट कर अबॉर्शन करवाया:कहा- हनीमून पर दूसरी लड़की से बातें करता, जबरदस्ती शराब पिलाई, गिरफ्तार

जोधपुर। एक विधायक के बेटे ने अपनी पत्नी को इतना पीटा की उसका चार बार अबॉर्शन करवा दिया। इतना ही नहीं पत्नी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उसका पति हनीमून पर दूसरी लड़कियोंं से बातचीत करता था। इस दौरान उसने मुझे जबरदस्ती सिगरेट और शराब पिलाई।
ये आरोप लगाए है भोपालगढ़ के रालोपा विधायक पुखराज गर्ग की बेटी ने। जिसकी शादी 2007 में जालोर से भाजपा के विधायक जोगेश्वर गर्ग के बेटे से हुई थी। अपने पति पर ये भी आरोप लगाए कि प्रेग्नेंसी के दौरान ससुराल वालों ने उसका इलाज तक नहीं करवाया। इतना ही नहीं पति कई बार बिजनेस के नाम ससुर से लाखों रुपए ठग चुका है।
मामला 7 फरवरी 2020 का है। पुखराज गर्ग की बेटी ने अपने पति प्रकाश पुंज समेत विधायक ससुर जोगेश्वर गर्ग और सास कमला के खिलाफ जोधपुर के महिला थाना पश्चिम में मामला दर्ज करवाया था। FIR में ने बताया था कि 7 फरवरी 2007 को प्रकाश के साथ मेरी शादी हुई थी। इस दौरान शादी में जो दहेज का सामान दिया जाता है वह परिवार की ओर से दिया गया। शादी से पहले प्रकाश के परिवार वालों ने बताया था कि वह किसी तरह का नशा नहीं करता है लेकिन शादी में ही नशे में उसने अभद्रता की। लेकिन, समाज व परिवार की वजह से चुप रहे। शादी के दो दिन बाद ही परिवार के लोग दहेज के लिए प्रेशर बनाने लगे। इसके साथ ही मेरे साथ मारपीट करने लगे।
इधर, इस मामले में पुलिस ने रविवार को जोगेशवर गर्ग के बेटे प्रकाश को गिरफ्तार किया। जिसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जबकि जोगेश्वर गर्ग व उनकी पत्नी कमला को इस मामले में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है।

पत्नी बोली: पीट-पीट कर अबॉर्शन करवाया, अश्लील वीडियो दिखाता
विधायक की बेटी ने एफआआईआर में अपने पति पर कई संगीन आरोप लगाए। पत्नी ने आरोप लगाया कि पीहर से रुपए लाने के लिए पति डंडो, लकड़ी और बैट से पीटता था। इतना ही नहीं अश्लील वीडियो दिखाता और जबरदस्ती संबंध बनाता था। पीहर से आने के बाद मेरा मोबाइल तोड़ देता ताकि मैं बात नहीं कर सकू। ममता ने बताया कि 2008, 2009, 2010 व 2015 में गर्भवती हुई थी। लेकिन मारपीट के कारण उसका चार बार अबॉर्शन हो गया। 2015 में जब वह गर्भवती हुई तो फिर से मारपीट की गई। उसे घर में अकेला रखा गया और इलाज तक नहीं करवाया।

पीरियड्स के दिनोंं में कमरे में बंद रखते
ममता ने एफआईआर में बताया कि इन 15 सालों में ससुराल वालों ने उस पर खूब अत्याचार किए। पीरियड्स के दिनों में उसे कमरे में बंद रखते और छूआछूत जैसा व्यवहार करते थे। मुझे कमरे से बाहर आने पर मना करते थे। जब पति घर आते तो उसे उकसाते थे, जिसके बाद मेरी डंडों और जूतों से पिटाई की गई। भाई को जब पता चला तो पति ने उसे भी धमकाया। पीड़िता ने बताया कि इतनी पिटाई कि की सिर में क्लॉट्स बन गए। जिसका दो साल तक अहमदाबाद में इलाज भी चला।

पुलिस के सामने पहुंचा पति
महिला थानाधिकारी किरण गोदारा ने बताया कि वर्ष 2020 में यह मामला दर्ज कराया गया था। सीआईडी सीबी ने इस मामले की जांच की थी। इस मामले में प्रकाश पुंज, जोगेश्वर गर्ग व उनकी पत्नी कमला की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी थी। 11 सितम्बर 2022 को हाईकोर्ट ने प्रकाश की गिरफ्तारी पर लगी रोक को हटा दिया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। रविवार शाम प्रकाश में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। जिसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया।
ममता का दावा है कि उसके ससुर जोगेश्वर गर्ग व प्रकाश पर पूर्व में धारा 376 के दो मामले दर्ज हुए, लेकिन उनका कुछ नहीं बिगड़ा। इसके बाद इन लोगों की हिम्मत बढ़ गई और ये बेखौफ होकर मुझे प्रताड़ित करने लगे। मेरे पिता ने इस विवाह संबंध को बनाए रखने के लिए कई बार सामाजिक स्तर पर प्रयास किए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया। अब हमें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने ममता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया और प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर डिस्कॉम की नौकरी छोड़ वर्ष 2018 में भोपालगढ़ से रालोपा के टिकट पर पुखराज गर्ग ने चुनाव लड़ा और विजयी रहे। वहीं जोगेश्वर गर्ग जालोर में भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते है। वे वर्तमान में जालोर से विधायक है।