April 20, 2024

लिफ्ट के बहाने महिला शिक्षक से छेड़छाड़, प्रधानाचार्य डाल रहा था अवैध संबंध बनाने का दबाव

भरतपुर. जिले के कुम्हेर के एक सरकारी स्कूल में महिला शिक्षक के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। स्कूल के प्रधानाचार्य पर आरोप है कि वह पिछले कुछ समय से महिला शिक्षक पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। हालांकि अब मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा मुख्यालय के पास भी एफआइआर की कॉपी भेजी गई है। इसके अलावा प्रारंभिक शिक्षा विभाग को भी एक प्रति भेजी गई है।

पुलिस के अनुसार दर्ज कराई रिपोर्ट में पीडि़ता ने बताया है कि वह एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। 12 मार्च 2022 को प्रधानाध्यापक रामसिंह ने कहा कि हाकिमजी ने बुलाया है। रामसिंह की बात पर विश्वास कर उनके साथ बाइक पर बैठकर स्टाफ के नाते जा रही थी तो राम सिंह हेलक के रास्ते पर नहीं ले जाकर सैह बाबैन की ओर ले गया।

एतराज किया तो कहने लगा कि हाकिमजी आगे मिलेंगे और अपनी बाइक रोककर मेरा हाथ पकड़ कर शारीरिक रूप से छेड़छाड़ करने लगा। बड़ी मुश्किल से वहां से बचकर आ गई। लोक लाज के भय से उस समय कोई शिकायत नहीं दी। 14 मार्च को स्कूल गई तो उसने फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण दबाव बनाया और उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने से मना करने लगा।

24 मार्च 2022 को स्कूल के अंदर हाफ टाइम में पीडि़ता का हाथ पकड़ कर शारीरिक रूप से छेड़छाड़ करते हुए गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाने लगा। 14 मई को स्कूल की छुट्टी हो गई थी। स्टाफ में कोई नहीं था। उस दिन पीडि़ता के साथ अकेले होने का फायदा उठाकर छेड़छाड़ की। इसके बाद छुट्टी से वह मायके चली गई।

इस पूरी घटना के बारे में परिजनों को नहीं बताया। एक जुलाई 2022 को प्रधानाध्यापक रामसिंह ने पीडि़ता को अपने कार्यालय में बुलाया और कहने लगा कि तुम्हारे बिना छुट्टियां काटना मुश्किल हो गया था और जबरन पकड़ लिया। विरोध करते हुए वहां से वापस आ गई। इसके बाद अपने पैतृक जिले में जाकर पिता को घटनाक्रम के बारे में बताया। अब पिता के साथ आकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।