बीकानेर से खबर : खेत में पानी लगा रहे युवक का मर्डर, धारदार हथियार से की गई वारदात, फसल के बीच लहूलुहान हालत में मिला शव
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन सिटी थाना क्षेत्र के एक खेत में युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मक्कासर निवासी कुलदीप सहारण के रूप में हुई है। उसके शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले। मृतक के पिता रणवीर सहारण ने जंक्शन पुलिस थाने में 8 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वारदात की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा, पुलिस उप अधीक्षक अरविन्द बेरड़ और जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी विष्णु खत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए वारदात स्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
खेत में लहूलुहान मिला युवक का शव
जिला मुख्यालय से सटे गांव मक्कासर के चक चार एसटीजी की रोही स्थित खेत में पानी लगाने गए युवक की गुरुवार रात्रि को अज्ञात लाेगों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह खेत में खड़ी नरमा की फसल के बीच लहूलुहान हालत में युवक का शव मिलने पर वारदात का पता चला। उसके शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से वार के निशान थे। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए। गुरुवार रात्रि को पानी की बारी होने के कारण कुलदीप सहारण अकेला ही पानी लगाने गया था। पानी की बारी खत्म होने के बाद कुलदीप रात भर घर नहीं लौटा तो शुक्रवार सुबह परिजन खेत पहुंचे थे। तब उन्हें वारदात का पता चला।
जंक्शन सीआई विष्णु खत्री ने बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि मक्कासर गांव की रोही में गोदारा पेट्रोल पंप के सामने एक खेत में शव पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मय टीम मौके पर पहुंची, साथ ही एएसपी साहब और सीओ साहब भी मौके पर पहुंचे। मौके पर पुलिस टीम को कुलदीप सहारण नाम के व्यक्ति का शव उसी के खेत में पड़ा मिला। FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। हमने जब अपने स्तर पर जांच की तो सामने आया कि कुलदीप सहारण की गुरुवार रात्रि 10-10:30 बजे हत्या की गई है। इस संबंध में मृतक कुलदीप के पिता रणवीर सहारण ने हत्या की रिपोर्ट दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में मृतक के पिता ने असीम सहारण, महावीर सहारण, राकेश सहारण और 5 अन्य पर पानी की बारी के विवाद को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस सबंध में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। सीआई खत्री ने बताया कि आरोपी असीम सहारण व अन्य को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
घर में मचा कोहराम
कुलदीप सहारण की हत्या की खबर सुनकर उसके घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक कुलदीप सहारण अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और शादीशुदा था। उसके एक पुत्र है। कुलदीप की बहन सवाई माधोपुर में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत है।