April 23, 2024

अनूपगढ़ शाखा की पी वितरिका टूटी : किसानों को सुबह मिली जानकारी, तीन घंटे की मशक्कत के बाद बांधी नहर, आसपास के इलाके में फैला पानी
श्रीगंगानगर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना की अनूपगढ़ शाखा की पी वितरिका गुरुवार को अनूपगढ़ इलाके में टूट गई। इससे नहर के आसपास के इलाके में पानी जमा हो गया। किसानों को जानकारी मिलने पर उन्होंने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद नहर बांधी। किसान सुबह करीब छह बजे खेतों में पहुंचे तो उन्हें पी वितरिका टूटी नजर आई। पानी काफी तेज था और यह आसपास के खेतों में फैला रहा था। उन्होंने इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी और आसपास के लोगों को मौके पर एकत्र कर लिया। किसानों ने अपने स्तर पर इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए। आसपास के इलाके से मिट्टी से भरे थैले लाए गए। इन्हें नहर किनारे लगाकर नहर की मरम्मत कर दी गई।
कचरे के कारण टूटी नहर
पंजाब से नहरबंदी के बाद हाल ही में अनूपगढ़ इलाके में इंदिरा गांधी नहर परियोजना की अनूपगढ़ शाखा की पी नहर में पानी आया था। इस दौरान पानी के साथ बहकर आया कचरा रास्ते में बाधा बन गया। पानी के रास्ते में बाधा से यह किनारों पर जमा हो गया और पानी का दबाव सहन नहीं कर पाने से नहर टूट गई। सुबह नौ बजे तब नहर ठीक करने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली।