April 24, 2024

सीनियर टीचर भर्ती में पेपर बेचने वाले का साथी गिरफ्तार : फरार शिक्षक शेरसिंह का बिजनेस पार्टनर, मास्टर माइंड ढाका ने लगाई जमानत याचिका

उदयपुर। सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में पुलिस ने एक आरोपी को और गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण को 40 लाख रुपए में पेपर बेचने वाले फरार टीचर अनिल उर्फ शेरसिंह मीणा का साथी है। पुलिस ने सोमवार शाम 6 बजे कोर्ट में पेश में पेश किया। कोर्ट ने 7 दिन के रिमांड पर सौंप दिया।
मामले की जांच कर रहे एडिशनल एसपी महेद्र पारीख ने बताया कि रामगोपाल (34) को रविवार रात 9 बजे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया रामगोपाल पेशे से प्रॉपर्टी कारोबारी है। वह शेरसिंह के साथ मिलकर बिजनेस करता है। दोनों में गहरी दोस्ती है। पेपर लीक से जुड़ी हर जानकारी रामगोपाल को पहले से होती थी। वह शेरसिंह का साथ भी देता था।
पुलिस ने बताया कि शेरसिंह का पूरा बिजनेस और उसके खाते रामगोपाल ही देखता था। पुलिस यह भी संभावना जता रही है कि सीनियर टीचर भर्ती से पहले भी इन्होंने अन्य सरकारी भर्तियों के पेपर लीक करवाए हैं।

एक लाख रुपए के इनामी सुरेश ढाका ने लगाई अग्रिम जमानत याचिका
पेपर लीक मामले के मुख्य सरगना सुरेश ढाका की तरफ से अग्रिम जमानत याचिका लगाई गई है, जिस पर सुनवाई मंगलवार को होगी। सरकार ने ढाका पर 1 लाख रुपए का और उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने 25000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। पेपर लीक में सहयोग करने वाले पूर्व में गिरफ्तार लूणाराम सारणा निवासी सांचोर की भी जमानत याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होगी।

राजीव की जमानत खारिज, पेपर सॉल्व के लिए उपलब्ध कराया था रिसॉर्ट
भूपेंद्र सारण के सहयोगी मानें जाने वाले राजीव उपाध्याय की सोमवार को जमानत याचिका खारिज कर दी गई। कोर्ट ने माना कि राजीव की ओर से पेपर सॉल्व कराने के लिए जैन तीर्थ के पास पदमपुरा स्थित ग्रीन फील्ड रिसॉर्ट बुक कराया गया था। इस हॉल को गोपाल सारण और ओमप्रकाश के हवाले किया था। राजीव उपाध्याय को पेपर लीक की पूरी जानकारी थी। वह भूपेंद्र सारण का बिजनेस पार्टनर भी है। इस दौरान राजीव की पत्नी आशा ज्योति दुबे और उसकी बहन कोर्ट में मौजूद थी।

पुलिस का अगला टारगेट शेरसिंह, तलाश जारी
अब पुलिस का अगला टारगेट शेरसिंह की गिरफ्तारी है। इससे कई बड़े राज इस मामले में खुलने की उम्मीद है। पुलिस अनिल उर्फ शेरसिंह को तलाशने के लिए जयपुर, बाड़मेर, जालोर में लगातार दबिश दे रही है। इसी दबिश के दौरान ही पुलिस ने रामगोपाल को पकड़ा।

भूपेंद्र सारण प्रोडक्शन वारंट पर फिर गिरफ्तार
पुलिस ने पेपर लीक के मामले के भूपेंद्र सारण को प्रोडक्शन वारंट पर वापस गिरफ्तार किया। इस बार सारण को बेकरिया थाने में दर्ज मामले को लेकर पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया। ​सारण को पुलिस मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। बता दें, 9 मार्च को ही कोर्ट द्वारा जेल भेजा गया था।

कौन है भूपेंद्र सारण?

भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और साल 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह जेल भी जा चुका है। पुलिस जयपुर से भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को गिरफ्तार कर चुकी है।

ये था मामला

उदयपुर पुलिस ने पिछले साल 24 दिसंबर को सुबह सवा तीन बजे एक बस में सवार स्टूडेंट्स और सुरेश बिश्नोई व भजनलाल बिश्नोई को पकड़ा था। इसके बाद पेपर लीक का खुलासा हुआ था। जांच में भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका पेपर लीक के मास्टर माइंड निकले थे। तब से दोनों की तलाश की जा रही थी।