April 24, 2024

पुलिस पर हमला कर बंधक बनाया : हेड कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी; पुलिस ने किया लाठीचार्ज, 5 बदमाश पकड़े

अनूपगढ़। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला किया और बंधक बना लिया। लोगों ने हेड कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ दी। घटना श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ के गांव 91 जीबी की है।
पुलिस उपाधीक्षक जयदेव सिहाग ने बताया- विजय नगर निवासी पवन चुघ ने शनिवार रात 10 बजे सूचना दी थी कि गांव में 91 जीबी में उनकी जमीन पर सतनाम सिंह की ओर से कब्जा किया जा रहा है। सूचना मिलने पर ASI पृथ्वी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब ASI ने कब्जा कर रहे लोगों से पूछताछ की तो उन पर हमला कर दिया। बंधक बना लिया और मारपीट की। हमलावरों ने हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह की वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ भी जुट गई।
सूचना मिलने पर थाना अधिकारी फूलचंद शर्मा और अनूपगढ़ सर्किल के सभी थानों का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक और थानाधिकारी ने लोगों से बातचीत कर पुलिस को बंधक बनाने वाले बदमाशों को पुलिस के हवाले करने के लिए कहा।
मौके पर मौजूद लोगों के साथ काफी समय तक समझाइश करने के बावजूद पुलिस के हवाले नहीं करने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने 5 लोगों को पकड़ लिया।
एएसआई पृथ्वी सिंह ने हमलावरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने सतनाम सिंह, रेशम सिंह, अमरीक सिंह, गुरदेव सिंह, कर्मसिंह, धर्मसिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरमीत सिंह, अमनदीप कौर, सुमो कौर, राज कौर सहित अन्य 8-10 जनों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करवाया है।

इनको किया गिरफ्तार
थाना अधिकारी फूलचंद शर्मा ने बताया- इस मामले में शांति भंग के मामले में रेशम सिंह (52) पुत्र करतार सिंह,सतनाम सिंह(30) पुत्र करनैल सिंह,अमरीक सिंह(45) पुत्र हरबंश सिंह,गुरदेव सिंह (50) पुत्र हरबंश सिंह तथा कर्म सिंह (30) पुत्र गुरदेव सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।