April 25, 2024

राजस्थान : फायरिंग में युवक की मौत के बाद बवाल, अलर्ट पर पुलिस, अगले 48 घंटे नेट बंद

भीलवाड़ा। शहर के बड़ला चौराहा पर गुरुवार दोपहर कुछ लोगों ने सात माह पूर्व हुए आदर्श हत्या कांड के बदले की नीयत से एक पक्ष के दो जनों पर फायरिंग कर दी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल को एमजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। फायरिंग की घटना में एक जने की मौत की खबर से शहर में माहौल गरमा गया। वहीं प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा में अगले 48 घंटे इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है।

अलर्ट पर पुलिस
कुछेक स्थानों पर तोड़फोड़ हुई। समूचे शहर में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया, जबकि संवेदनशील क्षेत्र बहाला समेत तीन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू, एएसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी, चंचल मिश्रा मौके पर पहुंचे। शहर के समस्त पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी भी मय जाप्ता एमजी होस्पिटल मौके पर आ गए। यहां एमजी होस्पिटल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग एकत्रित है, पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी उनके साथ समझाइश कर रहे है। जिला कलक्टर आशीष मोदी व पुलिस अधीक्षक सिधू ने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने एवं शांति व्यवस्था में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

बदले की नीयत से फायरिंग
जानकारी के अनुसार एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर बदले की नियत से फायरिंग की है। बताया जा रहा है कि 10 मई 2022 को शास्त्री नगर में एक पक्ष के लोगों ने गोली मारकर आदर्श तापडिया नामंक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई मयंक तापडिया ने एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। इस घटना का बदला लेने की नीयत से ही तापड़िया परिवार के कुछ जनों ने साथियों की मदद से बडला चौराहा पर गुरुवार दोपहर बाद एक पक्ष के दो जनों पर फायरिंग की। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें इब्राहीम की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत नाजुक बताई जा रही है। बड़ी संख्या में तैनात है।