April 25, 2024

12 घंटे से पेड़ पर लटकी है साधु की बॉडी, बीजेपी विधायक पर आरोप-सुसाइड के लिए उकसाया

रानीवाड़ा (जालोर)। राजस्थान के जालोर में एक साधु ने फंदा लगाकार सुसाइड कर लिया। इसका कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। आश्रम के संतों ने स्थानीय भाजपा विधायक पर साधु को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस पर सुसाइड नोट छुपाने का आरोप लगाते हुए साधु-संतों ने पेड़ पर लटके साधु की बॉडी को उतारने से इनकार कर दिया है। मौके पर पहुंचे प्रशासन के अधिकारी समझाइश का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक विवाद कायम है।
घटना जालोर के राजपुरा गांव में सुंधा माता मंदिर की तलहटी के पास एक आश्रम की है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह आश्रम के साधु रविनाथ (60) ने आश्रम में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला आश्रम के पास एक जमीन को लेकर है। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पूराराम चौधरी पर आरोप
आरोप है कि इस सुसाइड नोट में जमीन को लेकर भीनमाल से भाजपा विधायक पूराराम चौधरी पर परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार आश्रम के पीछे भीनमाल विधायक पूराराम सहित कुछ लोगों की जमीन है, लेकिन रास्ता नहीं था। इस पर साधु के आश्रम में से रास्ता लेने को लेकर विवाद चल रहा था। तीन दिन पहले विधायक पूराराम ने अपने लोगों को आश्रम में खाई खोदने भेजा था। उन्होंने आश्रम के पास कुछ खुदाई भी की। इसके बाद से साधु रविनाथ परेशान थे।
साधु के सुसाइड की जानकारी मिलते ही आश्रम में साधु-संतो की भीड़ जुट गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए जसवंतपुरा, रानीवाड़ा और भीनमाल थाने से पुलिस जाब्ता बुलाकर मौके पर तैनात किया गया है। सूचना के बाद एडीएम राजेंद्र सिंह, सांचौर डीएसपी रूप सिंह इंदा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सुसाइड नोट के खुलासे की मांग

मौके पर पहुंची पुलिस ने साधु के सुसाइड नोट को जब्त कर लिया। इसे किसी को भी नहीं दिखाया गया है। जिस पर लोगों में आक्रोश छा गया। गुस्साए लोगों ने अंतिम संस्कार करने से पहले इस सुसाइड नोट का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद अंतिम संस्कार करने की बात अड़ गए।

एसपी हर्षवर्धन ने बताया की अंतिम संस्कार के लिए आश्रम के संतो व लोगों से समझाइश चल रही है। सुसाइड नोट में क्या है, उसका खुलासा नहीं किया जा सकता। जांच प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर साधु को न्याय दिलाया जाएगा।

साधु के साथ न्याय होना चाहिए- विधायक
इस मामले में भीनमाल विधायक पूराराम चौधरी ने बताया कि उसकी खातेदारी जमीन सुंधा माता तलहटी के पास हनुमान आश्रम के पास है। जिसे 30 साल पहले खरीदा था। उसमें रिसॉर्ट बनाने की प्लानिंग की जा रही है। तहसीलदार से पैमाईश की इजाजत लेकर गुरुवार को पटवारी से जमीन नपवाई थी।
हनुमान आश्रम में रास्ते के लिए मैंने ही खातेदारी से जमीन छोड़ी है। आत्महत्या के मामले की जांच होनी चाहिए। दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए। साधु के साथ न्याय होना चाहिए। मुझे तो इसमें हत्या का मामला प्रतीत होता है।
हमने तो 2 दिनों से साधु के साथ राजी खुशी खेत को नपवाया था। हमारे बीच में कोई विवाद नहीं था। उनके कहने से मैंने मेरी खातेदारी में से रास्ते के लिए जगह छोड़ी है,जो मौके पर पड़ी है।