April 25, 2024

पुलिस के साथ धक्कामुक्की : शराब पीकर मचा रहे थे उत्पात, पुलिस ने पकड़ा तो छुड़ा ले गए साथी

जोधपुर। शहर के देवनगर थाने के हैडकांस्टेबल और गाड़ी चालक से सेक्टर 9 में गुरूवार की अलसुबह कुछ लोगों ने मारपीट की और झगड़ा करने वाले दो आरोपियों को छुड़ा ले गए। झगड़ा करने वाले लोगों ने पुलिस को धमकी दी और धक्का मुक्की की। हैडकांस्टेबल की तरफ से अब देवनगर थाने में नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। जिसमें जांच चल रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
देवनगर पुलिस ने बताया कि हैडकांस्टेबल रामूराम को जरिए नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि सेक्टर 9 में कुछ लोग झगड़ा कर रहे है। इस पर वह पुलिस गाड़ी के चालक कांस्टेबल महेंद्रसिंह के साथ वहां पहुंचे। तब वहां शराब के नशे में झगड़ा करने वाले रवि चंगलानी, विक्की, हीरा सरदार, सनी खटवानी एवं कपिल खटवानी आदि ने पुलिस अभद्र व्यवहार किया। शराब के नशे में झगड़ा कर रहे रवि चंगलानी को पुलिस ने काफी समझाइश का प्रयास किया मगर वह पुलिस को देख लेने की धमकी देने लगा। इस पर हैडकांस्टेबल रामूराम ने रवि चंगलानी और विक्की को शांतिभंग में पकड़ कर गाड़ी में बैठा दिया। इस बीच क्षेत्र के अन्य लोग एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध जताते हुए दोनों आरोपियों को गाड़ी से छुड़ा लिया। पुलिस को बार बार देख लेने के लिए धमकाने लगे। देवनगर थाने में नामजद लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।