April 23, 2024

कांग्रेस सरकार के मंत्री की फिसली जुबान : उद्योग मंत्री शकुंतला रावत बोलीं- भारत जोड़ो यात्रा का विरोध पूरे देश में

जोधपुर। राजस्थान सरकार में उद्योग और देवस्थान विभाग मंत्री शकुंतला रावत गुरुवार दोपहर जोधपुर पहुंची। यहां सर्किट हाउस में मीडिया ने भारत जोड़ो यात्रा पर पूछे सवाल पर मंत्री की जुबान फिसल गई। कहा भारत जोड़ो यात्रा का विरोध तो आप देखेंगे पूरे देश में है।
बाद में बात को संभालते हुए कहा भारत धर्मनिरपेक्ष देश है और कोई भी विरोध कर सकता है। इसके बाद फिर उनकी जुबान फिसली उन्होंने कहा कोई भी विरोध कर सकता है। फिर कहा भारत जोड़ो यात्रा का विरोध कहीं नहीं है। राहुल गांधी की रैली ऐतिहासिक साबित होगी।
उन्होंने कहा देश में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व में महंगाई बढ़ाने का काम किया है। देश में बेरोजगारी का आलम है। गैस के दाम बढ़े हैं। ऐसे में भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी जहां-जहां गए वहां पर उन्हें युवाओं बच्चों महिलाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। यह यात्रा देश में महंगाई के विरुद्ध आम लोगों को जोड़ने का काम कर रही है।
वहीं अजय माकन के इस्तीफा देने के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया कहां यह शीर्ष नेतृत्व का मामला है। इसके अलावा रावत ने राजस्थान सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाई। कहा गहलोत सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम, पालनहार योजना, किसान मित्र, वृद्धावस्था पेंशन, आरजीएचएस जेसी महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की है। सरकार की योजनाएं गांव गांव ढाणी तक पहुंच रही है।
इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कई संगठनों के लोगों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया। रावत यहां सर्किट हाउस में रीको और देवस्थान विभाग के अधिकारियों के साथ शाम 4 बजे बैठक लेगी। इसके बाद शाम 6 बजे होटल ईडाणा पैलेस में होने वाले रीको के उद्यमी सम्मान समारोह में हिस्सा लेगी। इस समारोह में देश भर के 51 उद्यमियों का सम्मान किया जाएगा।