April 25, 2024


ग्राउंड पर निकला सांप : जब रोहित को अंपायर पर आया गुस्सा-पढ़ें मैच के खास लम्हें
गुवाहाटी।
टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को दूसरे टी-20 मैच में 16 रन से हरा दिया। सीरीज में भारत 2-0 से आगे है। दूसरे मुकाबले में ऐसे 5 वाक्ये दिखे, जो आपको हंसाएंगे और आपकी याद में भी बस जाएंगे। चलिए वो सारे पल आपको बताते हैं…लेकिन उससे पहले हमारे पोल में हिस्सा लेते चलिए। दरअसल, पहली बार टीम इंडिया ने अपनी जमीन पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज जीती है…इसी को लेकर हमारे पोल के जवाब में से एक चुनिए…

1. वाइड नहीं देने पर रोहित अंपायर पर हुए गुस्सा
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को फील्ड पर ज्यादातर शांत ही देखा जाता है। लेकिन दूसरे टी-20 मैच में भारतीय कप्तान लेग साइड की ओर जाती गेंद को वाइड गेंद न दिए जाने के बाद अंपायर पर गुस्सा हो गए। उनके रिएक्शन से साफ जाहिर हो रहा था कि वह अंपायर के फैसले से खुश नहीं हैं। रोहित इतना झल्ला गए थे कि अंपायर को DRS का इशारा करने लगे। हालांकि कोई गेंद वाइड है या नहीं यह जानने के लिए DRS नहीं लिया जा सकता है। दरअसल मैच के दूसरे ओवर की चौथी गेंद वेन पर्नेल ने लेग साइड में फेंकी। गेंद बल्ले और पैड से काफी दूरा था। अंपायर ने वाइड नहीं दिया। इसके बाद स्ट्राइक पर रहे रोहित शर्मा अंपायर पर गुस्सा होते हुए नजर आए। उन्होंने गुस्से में दोनों हाथ फैलाकर पीछे की ओर झुकते हुए वाइड का इशारा किया और उसके बाद बल्ले के सहारे DRS का भी इशारा किया।

2. मैदान में घुसा सांप
मैच में भारतीय पारी के दौरान आठवें ओवर में मैदान पर सांप घुस आया। इस वजह से खेल को कुछ मिनटों के लिए रोका गया। उस समय रोहित शर्मा और केएल राहुल बैटिंग कर रहे थे। दरअसल, आठवें ओवर की शुरुआत में केशव महाराज गेंदबाजी के लिए आए। ओवर शुरू होने से पहले कुछ साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी दौड़ते हुए ऑनफील्ड अंपायर के पास पहुंचे और उन्हें बताया कि मैदान में सांप है। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ को मैदान पर बुलाया गया। वे सभी जरूरी उपकरणों के साथ मैदान पर पहुंचकर सांप को पकड़कर ले गए। करीब पांच मिनटों तक मैच रुका रहा। तब तक खिलाड़ियों को अनऑफिशियल ड्रिंक ब्रेक मिल गया।

3. कोहली के साथ खराब तालमेल के कारण सूर्यकुमार हुए रन आउट
भारतीय पारी की 19वें ओवर की पहली गेंद को कोहली ने कट मारा। नॉन स्ट्राइक पर खड़े सूर्यकुमार स्ट्राइक पर वापस आने के लिए रन के लिए निकल पड़े। विराट गेंद को देख रहे थे, उन्होंने सूर्यकुमार को नहीं देखा। उसी दौरान एनरिक नोर्त्या ने नॉन स्ट्राइक एंड पर थ्रो कर दिया और बावुमा ने बिना कोई गलती किए गेंद को विकेट पर मारा। सूर्यकुमार क्रीज से काफी आगे निकल चुके थे और उन्होंने वापस नॉन स्ट्राइक एंड पर आने की कोशिश नहीं की और वे रन आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर 209 था। सूर्यकुमार ने 22 गेंद का सामना कर 61 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के जड़े।

4. विराट ने कार्तिक को स्ट्राइक लेने से किया मना
आखिरी ओवर में सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी करने आए। वे आखिरी ओवर में स्ट्राइक पर थे। उस समय कोहली 28 गेंद पर 49 रन बना चुके थे। ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक कोई रन नहीं बना सके। दूसरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ दिया। इसके बाद विराट कार्तिक को बधाई देने के लिए गए। उस दौरान कार्तिक ने कहा कि वे सिंगल लेने की कोशिश करते हैं ताकि विराट को स्ट्राइक मिले और वे अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर लें। विराट ने हाफ सेंचुरी की परवाह नहीं करते हुए कार्तिक को मना कर दिया। इस ओवर में कार्तिक ने 2 छक्के और 1 चौका जड़ा और टीम का स्कोर 237 तक पहुंचाया।

5. तीसरे प्रयास में कार्तिक ने राइले रूसो का लिया कैच
दिनेश कार्तिक ने साउथ अफ्रीकी पारी के दौरान राइले रूसो का कैच तीन अटैम्प्ट में लिया। अफ्रीकी पारी के दूसरे ओवर में भारत की ओर से अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथे गेंद शॉर्ट थी। रूसो ने जल्दी खेल दिया और गेंद उनके बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और बाहरी किनारा लगकर ऊपर उठ गई। कार्तिक इसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद छिटक गई। उन्होंने फिर से गेंद पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन फिर गेंद हाथ से फिसल गई। आखिरकार तीसरे प्रयास में कार्तिक ने कैच लिया और रूसो आउट होकर पवेलियन लौटे।