April 25, 2024

पिता के मकान से नकदी चुराने का आरोपी पुत्र गिरफ्तार : रुपए बरामदगी के बाद भेजा जेल, पुत्रवधु भी नामजद

हनुमानगढ़। घर से नकदी चुराने और पिता के साथ मारपीट करने के मामले में जंक्शन पुलिस ने मंगलवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। इस मामले में आरोपी युवक की पत्नी को भी नामजद किया गया था। पुलिस उसकी भूमिका की पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एएसआई दलीप सिंह ने बताया कि इस मामले में सुरेश कुमार (28) पुत्र बलराम बावरी निवासी वार्ड 7, गांव सतीपुरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि उसने 10 हजार की जगह 5 हजार रुपए चोरी किए थे। उसमें से आरोपी की निशानदेही पर 3500 रुपए बरामद कर लिए। पूछताछ व बरामदगी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया।
15 नवंबर को बलराम (60) पुत्र चोखाराम बावरी निवासी वार्ड 7, गांव सतीपुरा ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि उसका पुत्र सुरेश और उसकी पत्नी माया झगड़ालू और बदमाश किस्म के लोग हैं। इनका बदमाश लोगों के साथ आना-जाना है, जो उसे घर से बाहर निकालकर उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। कई बार इन्होंने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वह दोनों एक ही प्लॉट में रहते हैं। वह थ्री व्हीलर चलाकर अपना भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी जानकी देवी उसकी बेटी कमलेश के पास मिलने के लिए गई हुई थी। 14 नवंबर को उसने अपने भाई कृष्ण से 10 हजार रुपए नकद लेकर घर पर रखे थे। वह 15 नवंबर को अपने कमरे के ताला लगाकर टेम्पो लेकर काम पर चला गया।
दोपहर में खाना खाने घर पर आया तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और संदूक में रखे 10 हजार रुपए गायब थे। तब उसका लड़का सुरेश और पुत्रवधू माया घर पर ही थी। उसने उनसे ताला टूटे होने व रुपयों के बारे में पूछा तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की तथा जेब से 500 रुपए निकाल लिए। सुरेश ने उसे पकड़ लिया और पुत्रवधू गाया ने लकड़ी की फट्टी से वार कर चोटें मारी। शोर मचाया मगर आस-पड़ोस के लोगों के सुरेश व माया से डरने के कारण उसे कोई छुड़ाने नहीं आया। वह बड़ी मुश्किल से छुड़ाकर जान बचाकर थाना पहुंचा।