April 25, 2024

डीजे की तेज आवाज से टीन शेड गिरा : हादसे में 3 लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती

चूरू। चूरू जिले के दूधवाखारा थाने के भैरूसर गांव में बुधवार रात शादी वाले घर में डीजे की तेज आवाज से टीन शेड गिर गया। जिससे उसके नीचे सो रहे 3 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। जहां तीनों का इलाज जारी है।
अस्पताल में घायल भैरूसर निवासी अंजू देवी (28) ने बताया कि परिवार में उनके देवर की शादी थी। बुधवार रात खाने का प्रोग्राम था। खाने के बाद डीजे बजा रहा था। देर रात डीजे की तेज आवाज के कारण घर में बनाया गया टीन शेड गिर गया। इस दौरान टीन शेड के नीचे उसके पति सुभाष (30) और सास चंदा देवी (56) सो रहे थे। टीन शेड गिरने की वजह से तीनों घायल हो गए। उनके नाक और सिर पर गंभीर चोट आई है। देर रात घायलों को परिवार के लोगों ने निजी वाहन से डीबी अस्पताल पहुंचाया। जहां तीनों का इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद अस्पताल में देर रात गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से कॉन्स्टेबल अंकित शर्मा पहुंचे। जिन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली।