पानी लगाने खेत गए युवक का बहाया खून,धारदार हथियार से हत्या
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव मक्कासर के पास आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर दी गई। गुरुवार रात को अपने खेत में पानी लगाने गए युवक का शुक्रवार सुबह खेत में लहूलुहान शव मिला। सूचना मिलने पर जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना स्थल का मुआयना किया। मौके से शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस वारदात की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कुलदीप सहारण (34) पुत्र रणवीर सहारण निवासी मक्कासर का गांव के चक 4 एसटीजी में खेत है। वहां गुरुवार रात को पानी की बारी थी। इसलिए वह अकेला ही खेत में पानी लगाने गया। पानी की बारी खत्म होने के बावजूद वह रात भर घर नहीं लौटा। इसलिए परिजनों ने सुबह खेत पहुंच उसे ढूंढऩा शुरू किया। उसका शव नरमे की फसल के बीच में पड़ा हुआ था। शरीर पर किसी धारदार हथियार के कई वारों के निशान थे। सूचना मिलने पर डीएसपी अरविन्द बेरड़ व जंक्शन थाना प्रभारी विष्णु खत्री मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली।
चल रही रंजिश
जानकारी के अनुसार कुलदीप सहारण की कई जनों से रंजिश चल रही थी। इसके अलावा वह खेतों में करंट झटका तार लगाने के भी खिलाफ था। अपने खेतों में जिन किसानों ने ऐसे तार लगाए थे, उनके तार कोर्ट में लड़ाई लडकऱ हटवाए थे। इसके चलते भी उसकी कई जनों से रंजिश की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है तथा परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की बात कह रही है।
इकलौता था परिवार में
मृतक कुलदीप सहारण अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह शादीशुदा था। उसके एक पुत्र है। कुलदीप के एक बहन है जो सवाई माधोपुर में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत है।
पानी लगाने खेत गए युवक का बहाया खून,धारदार हथियार से हत्या
