April 25, 2024

पूर्व राजपरिवार के गढ़ पैलेस म्यूजियम में चोरी : चांदी के हाथी समेत एंटीक सामान चुराए, 20 से ज्यादा आइटम चुरा ले गए

कोटा। कोटा के पूर्व राजपरिवार के गढ़ पैलेस म्यूजियम में चोरी का मामला सामने आया है। चोर म्यूजियम से बेशकीमती सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह म्यूजियम के स्टाफ को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वायड व FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। धटना कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में टिपटा स्थित गढ़ पैलेस म्यूजियम का है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर चांदी का सामान चोरी हुआ है। चोरों ने तीन शो केस को निशाना बनाया। इनमें से एक को नहीं तोड़ पाए। चोरी हुए सामानों में एक फुट के 4 से 5 हाथी बताए जा रहे हैं। इनमें सोने की परत चढ़ी हुई थी। एक जगह 24 आइटम रखे थे। अब 3-4 ही बचे है। इनमें चिड़िया, तोते शामिल हैं। चोरों ने एक जगह शीश तोड़ा, दूसरी जगह ग्रिल तोड़कर चोरी की। संभावना जताई जा रही है कि म्यूजियम के पीछे वाले हिस्से से चोर अंदर दाखिल हुए। वारदात कर उसी रास्ते से वापस फरार हो गए।
बता दें कि पूर्व राजपरिवार सदस्यों द्वारा ट्रस्ट के जरिए ये म्यूजियम संचालित किया जाता है। म्यूजियम की सुरक्षा में ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा गार्ड तैनात लगा रखे है। साथ ही पूरे म्यूजियम की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाती है। पुलिस ने म्यूजियम स्टाफ से पूछताछ की।
राव माधोसिंह म्यूजियम 1970 में शुरू किया गया। यहां दरबार हॉल से लेकर शस्त्र, वाइल्ड लाइफ, फोटो, पेंटिंग गैलरी के अलावा राजमहल, अर्जुन वॉल पेंटिंग,कृष्ण भंडार, भीम महल, छत्र महल की वॉल पेंटिंग सैलानियों के लिए खास है। यहां ऊपरी मंजिल की दीवार पेंटिंग खास है। यहां लक्ष्मी भंडार, अर्जुन और छत्र महल दर्शनीय है।