April 19, 2024

फिर सताने लगी गर्मी और उमस, लगातार बढऩे लगा तापमान
बीकानेर।
मौसम बदलने के साथ ही एक बार फिर से गर्मी और उमस ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है। करीब तीन दिनों की राहत के बाद बीते 24 घंटों में एक बार फिर से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के साथ ही हल्की गर्मी ने लोगों को परेशान किया। बीते 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीकानेर शहर में अब दिन के साथ-साथ रात को भी हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। देर रात तक कूलर चलाने पड़ रहे है। हालांकि अलसुबह हल्की ठंडी हवाएं चलती है लेकिन धूप निकलने के कुछ देर बाद ही हवा में गर्मी का एहसास होने लगता है।
बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर में 39.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, तो वहीं 20 जिलों में एक बार फिर से दिन का तापमान 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया. साथ ही, करीब आधा दर्जन जिलों में दिन का तापमान 38 डिग्री के पार दर्ज किया गया। दिन के साथ ही रात के तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ लोगों को उमस सताने लगी है। बीती रात करीब सभी जिलों में रात का तापमान 23 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
इन जगहों पर हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के करीब सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहने की संभावना है, लेकिन अगले 24 घंटों के बाद एक नया सिस्टम सक्रिय होने के साथ ही दर्जनभर जिलों में मौसम में बदलाव होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इस दौरान बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाईमाधोपुर, टोंक और उदयपुर में अगले चार दिनों तक मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है।