April 19, 2024

राजस्थान में सर्द मौसम को लेकर आई यह बड़ी खबर

सीकर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादलवाही है और कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान उछाल मार रहा है, लेकिन नए साल की शुरूआत के साथ ही घने कोहरे की दस्तक रहेगी और शीतलहर का दौर चलेगा, जिसके चलते न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटे के भीतर ही सर्द हवाओं का जोर शुरू होगा और कुछ जिलों का न्यूनतम तापमान जीरो ड़िग्री पर पहुंच जाएगा। शेखावाटी में फतेहपुर भी सप्ताहभर के दौरान माइनस में जाने की संभावना जताई जा रही है।

तेजी से बदलेगा मौसम
राजस्थान में शेखावाटी सबसे सर्द रहता है, लेकिन पिछले दो दिन से पश्चिमी विक्षोभ के चलते न्यूनतम तापमान उछाल मार रहा है। बादलवाही के चलते कुछ स्थानों पर सवेरे-सवेरे कोहरा भी छा रहा है। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक आर.एस. शर्मा ने बताया कि 48 घंटे के भीतर मौसम तेजी से बदलेगा और राजस्थान के अधिकतर इलाकों में सर्द हवाएं शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा घना कोहरा भी छाया रहेगा।

यहां कोहरा और शीतलहर का रहेगा जोर
मौसम विभाग ने राजस्थान के करीब 10 जिलों में कोहरा और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर केन्द्र की माने तो धौलपुर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर, श्रीगंगानगर में घना कोहरा छाया रहेगा और अधिकतर स्थानों पर शीतलहर का जोर रहेगा।

यूं गिरेगा तेजी से तापमान
जयपुर केन्द्र के निदेशक आर.एस. शर्मा का कहना है कि जनवरी केे पहले सप्ताह में प्रदेश का मौसम सबसे सर्द रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों के तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहेगी, जिसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है। उधर, कोहरा की अधिकता के देखते हुए अस्तमा रोगियों को भी खास अहतियात बरतने की सलाह दी गई है।