April 25, 2024

लिव-इन पार्टनर को दी जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, पति की मारपीट से परेशान विवाहिता ने प्रेमी के साथ रहने के लिए छोड़ा घर

चूरू। चूरू में पति की मारपीट से परेशान विवाहिता अपने पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ लिव इन में रहने लगी। इससे नाराज पति और विवाहिता के भाई ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी मिलने विवाहिता और उसका प्रेमी एसपी ऑफिस पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी ने संबंधित पुलिस थाने को बोलकर लिव इन में रहने वाले प्रेमी-प्रेमिका को उनकी बताई जगह पर भिजवा दिया है।
विनोद कंवर (24) निवासी नाथवाणा (बीकानेर) ने बताया कि 5 साल पहले उसकी शादी ढढेरू गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। काफी समझाने के बाद भी उसने शराब नहीं छोड़ी तो वह परेशान हो गई। करीब 6 महीने पहले उसकी मुलाकात भालेरी के मांगीलाल से हुई थी, जिसके बाद दोनों की फोन पर बात होने लगी। बातों का सिलसिला प्यार में बदल गया। इस दौरान उनको पता चला कि उनके परिजनों ने बचपन में उनकी सगाई कर दी थी, लेकिन लड़की के घरवालों ने उसकी शादी कहीं ओर कर दी थी। इसके बाद दोनों ने अपने परिजनों से शादी करने की बात कही, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
विनोद कंवर ने बताया कि 7 दिन पहले दोनों ने अपना घर छोड़ दिया और दोनों एक साथ रहने लगे। इसकी सूचना जब ससुराल पक्ष और पीहर पक्ष को लगी तो परिजनों ने विनोद कंवर और मांगीलाल को जान से मारने की धमकी दी है।