April 19, 2024

बीकानेर में हर तरफ तिरंगा ही तिरंगा : कांग्रेस-भाजपा दोनों बांट रहे तिरंगा
ग्रामीण इलाकों में भी निकल रही तिरंगा यात्रा
बीकानेर।
आजादी के अमृत महोत्सव के बीच गांव गांव तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बीकानेर के खाजूवाला में शनिवार को आजादी की गौरव यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। केबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा के दौरान कई किलोमीटर पैदल चलकर राष्ट्रीयता जागृत करने का प्रयास किया गया।
हाथ में तिरंगा और डीजे पर देशभक्ति के गीतों के बीच गोविन्दराम मेघवाल सबसे आगे चल रहे थे। करीब 30 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें सौ से ज्यादा वाहन भी शामिल है। तिरंगा लिए युवा खाजूवाला से पूगल की ओर निकले। भारत माता जिंदाबाद, वंदेमातरम्, सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा जैसे नारों के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ता आगे बढ़ते गए। शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष डूंगर राम गेदर भी यात्रा में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं के साथ आम कार्यकर्ता और खाजूवाला व पूगल के निवासी भी यात्रा में शामिल हुए।
उधर, बीकानेर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत घर घर तिरंगा वितरण किया जा रहा है। भाजपा नेता महावीर रांका के नेतृत्व में शुक्रवार शाम यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान भी सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने बीकानेर के मुख्य मार्गों से यात्रा निकाली। वहीं शहर के सर्किल विशेष रूप से सजाए गए हैं। जगह-जगह हॉर्डिंग्स व बैनर के साथ भी प्रचार किया जा रहा है। शहर कांग्रेस की ओर से भी लगातार तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। शहर के अलग अलग ब्लॉक में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।