March 28, 2024

ट्विटर के बाद मेटा और अब अमेजन जैसी बड़ी कंपनियों में छंटनी कॉरपोरेट जगत की सुर्खियां बनी हुई है। फेसबुक ने बीते दिनों अपने कार्यबल में करीब दस प्रतिशत कर्मचारियों को निकाल दिया है। कंपनी इसे खर्च घटाने की कवायद बता रही है और यह परिस्थिति विज्ञापन से होने वाली आमदनी में आई गिरावट के कारण है। सितंबर महीने में फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने कर्मचारियों को कहा था कि सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी कर्मचारियों की छंटनी के जरिए अपने भविष्य की योजनाओं में बदलाव करने जा रही है। बता दें कि मेटा के पास इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का भी स्वामित्व है। फेसबुक में करीब 87,000 कर्मचारी है, जिनमें से करीब 10 फीसदी को हटा दिया गया है। आइए जानते हैं आईटी इंडस्ट्री में एक के बाद हो रही छंटनियों का क्या है कारण? भविष्य में छंटनियों का दौर थमने वाला है या यह लंबे समय तक जारी रहने वाला है?

मेटा से पहले मस्क ने ट्विटर के आधे कर्मचारियों को बाहर किया
मेटा से कर्मचारियों को बाहर करने की खबर ट्विटर में बड़े पैमाने पर हुई छंटनी के बाद आई है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क के ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद कंपनी के लगभग आधे कर्मचारियों की विदाई हो गई है। उनमें से कुछ कर्मचारियों को कंपनी ने वापस आने के लिए कहा है। हालांकि, ट्विटर में कर्मचारियों को अचानक बाहर करने की तुलना में मेटा ने कर्मचारियों को पहले से ही सूचना देकर निकलने को कहा है।

फेसबुक और ट्विटर ही नहीं पूरी आईटी इंडस्ट्री में जा रही हैं नौकरियां
सोशल मीडिया कंपनियों में केवल ट्विटर और फेसबुक ही नहीं हैं जो अपने कार्यबल को कम करने पर काम कर रही है। ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट अमेजन ने भी हायरिंग की प्रक्रिया रोक दी है। कर्मचारियों को बाहर निकाल रही है। कंपनी से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म्स पर इसकी पुष्टि की है। अमेरिका स्थित एक और सोशल मीडिया कंपनी स्नैप जिसके पास 363 मिलियन डेली एक्टिव यूजर्स हैं, ने भी इसी वर्ष अगस्त में अपने 20 प्रतिशत कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया था।