चुनावी रंजिश को लेकर भिड़े दो पक्ष, मारपीट में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता हुए घायल, क्रॉस मुकदमें दर्ज
चूरू। विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। हमले में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को लहूलुहान हालत में चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के बाद कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के पर्चा बयान लिए। मौके पर पुलिस टीम को तैनात किया गया है। अस्पताल में कांग्रेस और बीजेपी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। दोनों घायलों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए पर्चा बयान दिए हैं।
चुनावी रंजिश में किए गए इस हमले में कांग्रेस से पार्षद प्रतिनिधि सीताराम खटीक और भाजपा बूथ अध्यक्ष अजय कुमार घायल हुए हैं। घायल भाजपा बूथ अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि वह अपने परिचित को बाइक से छोड़कर वापस घर पर अकेला बाइक से जा रहा था। तभी सीताराम खटीक और विक्रम भाट ने उस पर तलवार, सरिए से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। वार्ड 52 निवासी कांग्रेस से पार्षद के प्रतिनिधि सीताराम खटीक ने बताया कि वह रात को कांग्रेस का प्रचार करके घर की ओर लौट रहा था। वार्ड 50 में पहले से ही घात लगाकर बैठे भाजपा के अजय कुमार सहित 10-12 लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है।