May 20, 2024

कांग्रेस का 85वां अधिवेशन : नहीं होगा सीडब्ल्यूसी का चुनाव, खडग़े को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार; पार्टी के संविधान में संशोधन पर चर्चा

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। इसमें शामिल होने देशभर से कांग्रेस नेता पहुंचे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी अधिवेशन में शामिल हुए। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि CWC का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महंगाई, बेरोजगारी और अडानी मसले को लेकर केंद्र पर तंज कसा।
सब्जेक्ट समिति की बैठक में राजनीतिक, आर्थिक और विदेशी मामले, कृषि, युवा शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कल्याण, सशक्तिकरण के विषयों पर बात हुई। इस पर राजनीतिक प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।
शुक्रवार सुबह से चल रही अनिश्चितता की खबरों के बाद दोपहर करीब 3 बजे सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने किया।
एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत के लिए कई नृत्य दल यहां बुलाए गए थे। सोनिया और राहुल के यहां पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगे। यहां से वे निजी रिसॉर्ट के लिए रवाना हुए हैं। इसके बाद वे महाधिवेशन स्थल जाएंगे।

सोनिया कल और राहुल 26 को करेंगे संबोधित
अभी जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक कल यानी 25 फरवरी को दोपहर 11.30 बजे सोनिया गांधी महाधिवेशन को संबोधित करेंगीं। जबकि राहुल गांधी 26 फरवरी को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे।

स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बोले खड़गे
इससे पहले, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब, कमजोर तबकों, गांव-देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।
कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।

पवन खेड़ा ने बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव पर उठाए सवाल
कांग्रेस के अधिवेशन में पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार पर देश के कई मुद्दों पर निशाना साधा। बोले- महंगाई, बेरोजगारी, चीन और अडानी मसले सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर प्रधानमंत्री को बात करने का समय नहीं है। इन मसलों पर बातचीत पर कोई जवाब ही नहीं मिलता। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष के चयन पर भी तंज कसा।
उन्होंने आगे कहा ”एक्टेंशन उस व्यक्ति को मिली जिसको मालूम ही नहीं वो अध्यक्ष कैसे बना। कोई इलेक्शन हुआ ही नहीं। ये स्थिति है हमारे विरोधी दल की। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव पर बोले- इकलौता राजनीतिक दल है इस देश का जिसके अध्यक्ष का चुनाव हुआ।”

कांग्रेस संचार प्रमुख के अध्यक्ष जयराम रमेश ने कहा है कि आज स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई है। सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी है। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को यह अधिकार दिया जाए कि वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों को मनोनीत करें। हमारे पार्टी के संविधान में बड़े महत्वपूर्ण संशोधन का प्रस्ताव है। इस पर भी विचार होगा।
सचिन पायलट ने कहा- इस अधिवेशन में आने वाली राजनीति का रास्ता तय होगा। सभी कार्यकर्ताओं के अंदर एक ऊर्जा का संचार होगा। भाजपा की नाकामी हम लोगों को जन-जन तक पहुंचाना है। मुझे लगता है कि सहयोगियों के साथ हम लोग 2024 का चुनाव चुनौती देकर जीत सकते हैं। भारत सरकार एजेंसीज का दुरुपयोग कर रही है। चाहे वह बीबीसी के दफ्तर पर छापा हो या फिर कांग्रेस के लोगों को जबरदस्ती गिरफ्तार करना हो।

25 और 26 फरवरी को क्या-क्या होगा

कल 10.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष का संबोधन होगा।
11.30 बजे सोनिया गांधी संबोधित करेंगीं।
25 फरवरी को राजनीतिक, आर्थिक और इंटरनेशनल मुद्दों पर चर्चा होगी।
26 फरवरी को कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी।
26 फरवरी को ही 10.30 बजे राहुल गांधी प्रीलिमिनरी सेशन को संबोधित करेंगे। दो बजे खड़गे का अंतिम भाषण होगा। 3 बजे पब्लिक रैली होगी। जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।