May 18, 2024

चाचा ने भतीजी से की रेप की कोशिश : घर में अकेली थी 17 साल की लड़की, दवा के बहाने जबर्दस्ती का प्रयास; आरोपी फरार

जयपुर। जयपुर में चाचा ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ रेप की कोशिश की है। पीड़िता घर पर अकेली थी। मौका पाकर चाचा ने उसे खांसी की दवा के बहाने नशीली दवा पिलाने का प्रयास किया। इसी दौरान घर पर पहुंचे अन्य सदस्य को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी ने नाबालिग को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना विद्याधर नगर थाने क्षेत्र की है। 11 फरवरी को दिन में पीड़िता घर पर अकेली थी। उसे खांसी-जुकाम हो रहा था। इस दौरान उसका चाचा घर पहुंचा। उसे खांसी की दवा पीने के लिए कहने लगा। लड़की ने दवा पीने से मना किया तो जबर्दस्ती करने लगा। फिर रेप की कोशिश करने लगा। इसी दौरान घर का सदस्य आने पर वह पीड़िता को धमकी देकर चला गया। घटना के बाद से पीड़िता डरी-सहमी रहने लगी। पीड़िता ने 8 दिन तक घटनाक्रम के बारे में परिवार के किसी भी सदस्य को कुछ नहीं बताया। पीड़िता के व्यवहार में अचानक हुए बदलाव के चलते मां ने बेटी से बातचीत की। तब उसका सब्र टूट गया। मां को पूरी घटना की जानकारी दी। मां और परिवार की महिलाएं दंग रह गए।

मामला दर्ज, आरोपी फरार
परिजन पीड़िता को विद्याधर नगर थाने लेकर पहुंचे। बुधवार रात चाचा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच करना शुरू किया है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया है।