May 20, 2024

पढ़ने आई नाबालिग ने बच्ची को दिया जन्म:नीट की तैयारी करने आई थी 16 साल की लड़की, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
कोटा।
कोटा में पढने आई एक नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया। जेके लोन हॉस्पिटल में उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई। फिलहाल दोनों जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। पहले परिजन बच्चे को रखना चाहते थे। अब उन्होंने बच्चे को बाल कल्याण समिति को सौपने का फैसला लिया। हॉस्पिटल के डॉक्टर से सम्पर्क किया। फिलहाल इस मामले में परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दी गई।

जानकारी अनुसार, नाबालिग की उम्र 16 साल है। वो एमपी की रहने वाली है। 2 महीने पहले ही (NEET) नीट की तैयारी करने कोटा आई थी। कुन्हाड़ी इलाके में रह रही थी। सोमवार को पेट दर्द की शिकायत पर परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। जांच में उसके साढ़े 8 माह के गर्भ होने की जानकारी सामने आई। जेके लोन हॉस्पिटल में उसे भर्ती किया गया। नाबालिग को लेबर रूम में शिफ्ट किया गया। जहां उसने बेबी को जन्म दिया। इस मामले में नाबालिग के परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं।

बाल कल्याण समिति की टीम अस्पताल पहुंची
नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना पर बाल कल्याण समिति की टीम काउंसलर को लेकर हॉस्पिटल पहुंची। परिजनों ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। नाबालिग के अचेत होने के कारण उससे बात नहीं हो सकी। समिति के सदस्य वापस लौट आए।

सोमवार को भर्ती हुई थी नाबालिग
जेके लोन हॉस्पिटल में गायनिक HOD डॉक्टर भारती सक्सेना ने बताया- बालिका कल (सोमवार) को एडमिट हुई थी। नॉर्मल डिलीवरी हुई। उसने एक बेबी को जन्म दिया है। पहले परिजनों ने बेबी रखने की इच्छा जताई थी। आज डॉक्टर्स की टीम के राउंड के दौरान परिजनों ने बेबी को नहीं रखने की इच्छा जाहिर की। जिस पर बाल कल्याण समिति को सूचना दी है।

पुलिस बोली- शिकायत का इंतजार
डीएसपी शंकर लाल ने बताया कि इस मामले परिजनों की तरफ से शिकायत का इंतजार है। शिकायत पर जीरो नम्बर की FIR काट कर संबंधित जिले के थाने को भेज दी जाएगी।