May 20, 2024

सुसाइड नोट में I LOVE YOU MOM लिखकर जहर खाया : लिखा- ग्राम सेवक के पास मेरा वीडियो, ब्लैकमेल कर रहा

मकराना। मकराना के एक खेत में शुक्रवार शाम को एक युवक का दो दिन पुराना शव पड़ा मिला। उसके पास सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां मिली हैं। सुसाइड नोट में उसने ग्राम सेवक प्रकाश आंचरा सहित दो अन्य लोगों पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। साथ में लिखा, ‘आई मिस यू, आई लव यू मॉम’।
घटना नागौर जिले के बोरावड़ कस्बे के पास लुहारिया बेरा की ढाणी ​की है। मृतक के चाचा​​​​​​ गुमानाराम भाकर ने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल की शाम 4 बजे लुहारिया बेरा की ढाणी के मोतीराम का उसके पास फोन आया। उसने बताया कि हरदीन बागरिया के खेत में एक आदमी का शव पड़ा है। गुमानाराम ने मोतीराम भांमू और उगमाराम भाकर के साथ जाकर देखा तो भतीजे भागीरथ भाकर उर्फ मुडा (25) का शव पड़ा था।
मृतक भागीरथ 1 साल से बेरोजगार बताया जा रहा है और वह आरोपियों के साथ ही अक्सर देखा जाता था। चारों लोग नशे के आदि भी बताए गए हैं।

वीडियो दिखाकर रोज ब्लैकमेल करते हैं
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो सल्फॉस की सात गोलियां व एक सुसाइड नोट मिला। मृतक भागीरथ ने उसमें लिखा कि ग्राम सेवक प्रकाश आंचरा के पास उसकी वीडियो है। वह रोज उसे ब्लैकमेल करता है। दूसरे आरोपी रामूराम बुल्डक व देवाराम कुराड़ा के पास उसके सोने की झुमरिया व पांच हजार रूपए हैं। वे उसे नहीं देकर परेशान कर रहे हैं। इसके कारण वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर है।