May 20, 2024

बीजेपी के इस कद्दावर नेता की बनी बायोपिक, देश में व्यावसायिक वाहनों के सबसे बड़े बेड़े के मालिक

मुंबई। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कद्दावर नेता की छवि रखने वाले उद्योगपति विजय संकेश्वर के जीवन संघर्ष पर बनी एक फिल्म जल्द ही हिंदी में भी रिलीज होने जा रही है। विजय का नाम देश में सबसे ज्यादा व्यावसायिक वाहनों का स्वामित्व रखने वाली कंपनी वीआरएल के चेयरमैन के रूप में भी जाना जाता है। लगातार तीन बार सांसद रहे विजय संकेश्वर बीजेपी से बगावत करके अपनी अलग पार्टी भी बना चुके हैं लेकिन इसमें सफलता न मिलती देख वह फिर बीजेपी में लौट आए। भारत सरकार ने दो साल पहले उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। हाल के दिनों में कन्नड़ में बनी फिल्में हिंदी सिनेमा के दर्शकों को खूब आकर्षित करती रही हैं। ‘केजीएफ’ फ़्रेंचाइज़ की फिल्मों के अलावा ‘777 चार्ली’ और ‘कंतारा’ जैसी अनूठी फिल्मों को भी हिंदी में खूब पसंद किया गया। इसी कड़ी में अब विजय संकेश्वर पर बनी बायोपिक ‘विजयानंद’ भी हिंदी में रिलीज होने जा रही है। ये फिल्म 9 दिसम्बर को कन्नड़ के साथ साथ हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम में भी रिलीज होगी। इसका निर्देशन रिशिका शर्मा ने किया है जबकि फिल्म में विजय संकेश्वर के रोल में निहाल आर. नजर आएंगे।