May 20, 2024

हिमाचल प्रदेश की राज्यसभा सीट बीजेपी लॉटरी से जीती, 9 एमएलए की क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस हारी; कल गवर्नर से मिलेगी भाजपा; सरकार खतरे में

शिमला। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की सीट पर भाजपा के हर्ष महाजन जीत गए हैं। विधानसभा में बहुमत के बावजूद कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए।

वोटिंग में दोनों को 34-34 वोट मिले। जिसके बाद लॉटरी के जरिए भाजपा उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया गया।

वहीं 9 विधायकों की क्रॉस वोटिंग से CM सुखविंदर सुक्खू की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार खतरे में आ गई है। हिमाचल में कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों ने भाजपा के हक में क्रॉस वोटिंग की।

क्रॉस वोटिंग करने वालों में कांग्रेसी के सुजानपुर से राजेंद्र राणा, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, कुटलैहड़ से देवेंद्र भुट्‌टो, बड़सर से आईडी लखनपाल, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर और गगरेट से चैतन्य शर्मा शामिल हैं। ये सभी वोटिंग से पहले सुबह एक ही गाड़ी में विधानसभा पहुंचे। विधानसभा के बाहर गाड़ी से उतरते ही भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर और राकेश जम्वाल इनसे मिले।

3 निर्दलीय विधायकों हमीरपुर के आशीष शर्मा, देहरा के होशियार सिंह और नालागढ़ के केएल ठाकुर ने भी भाजपा कैंडिडेट हर्ष महाजन को वोट दी।

वोटिंग के बाद इन सभी 9 विधायकों को CRPF की सिक्योरिटी दी गई। जिसके बाद ये सभी पंचकूला के रेस्ट हाउस में पहुंच गए। राज्यसभा चुनाव में सभी 68 विधायकों ने वोट डाला।

कल गवर्नर से मिलेगी भाजपा

हिमाचल प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने चुनाव परिणाम के बाद कहा कि ये सरकार बहुमत खो चुकी है। सीएम सुखविंदर सुक्खू को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। कल इस बारे में भाजपा गवर्नर से मिलेगी।