May 18, 2024

जीजा पर अवैध संबंध के कारण बहन की हत्या का आरोप

जोधपुर। शहर के राजीव गांधी कॉलोनी देवनगर में रहने वाली एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह घर में फंदे पर लटकी मिली। पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाने के साथ उसके पति पर अन्य महिला से संबंध होने की बात की। पीहर पक्ष के आने पर आज महिला के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके दो बच्चे भी बताए जाते हैं। एसीपी प्रतापनगर नीरज शर्मा ने बताया कि नागौर जिले के मुंडवा स्थित बुनरावता निवासी तनसिंह पुत्र माधुसिंह ओड़ की तरफ से यह रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी बहन रसाल की शादी 12 साल पहले देवनगर स्थित राजीव गांधी कॉलोनी निवासी प्रकाश पुत्र रामस्वरूप के साथ की गई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान और प्रताड़ित किया जाता था। परिवार वालों ने कई बार समझा कर मामले शांत भी करवाए। मगर प्रकाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। रसाल के दो बच्चे भी है। रिपोर्ट में आरोप है कि उसके बहनोई प्रकाश का किसी अन्य महिला से संबंध भी था। जिसके चलते उसने रसाल की हत्या कर दी। एसीपी शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची तब रसाल फंदे पर लटकी मिली थी। पीहर पक्ष को सूचना दिए जाने पर अब वे जोधपुर पहुंचे। उसने फंदा लगाकर खुदकुशी की या फिर मार कर लटकाया गया। इस बारे में तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव का मथुरादास माथुर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है।