June 3, 2024

सीएम गहलोत ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे : पीड़ितों से हुए रूबरू, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

करौली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को मंडरायल दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चंबल की बाढ़ से प्रभावित बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों और क्षेत्र की आमजन को मुसीबत में हमेशा साथ खड़े रहने और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान हेलीपैड पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा ने बुके भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री गहलोत शुक्रवार को मंडरायल दौरे पर आने वाले थे, लेकिन धौलपुर में खराब मौसम और बारिश के चलते उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते मंडरायल दौरा निरस्त हो गया था। हेलीपैड पर संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, आईजी गौरव श्रीवास्तव, कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, एसपी नारायण टोगस सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल पर पहुंच कर हाथ जोड़ क्षेत्र के लोगों का अभिवादन किया।
गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल मंडरायल में आयोजित एक जनसभा में रमेश मीणा ने महुवा से चंबल तक नेशनल हाईवे निर्माण, भांकरी, भरतून, बुकना में पीएचसी, इको सेंसिटिव क्षेत्र की सीमा 10 किलोमीटर से घटाकर 1 किलोमीटर करने की मांग की। आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंद मेघवाल बोले की कांग्रेस ने आरक्षण देकर समानता का अधिकार दिया है। भाजपा सांप्रदायिकता फैलाकर एक दूसरे से लड़ाने का काम कर रही है। मंत्री ने कहा की मोदी और अमित शाह ने देश के प्रतिष्ठान बेच दिए, महंगाई चरम पर है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बाढ़ की समस्या क्षेत्र में हमेशा बनी रहती है। इसके लिए बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए दूसरे स्थानों पर भूमि आवंटन की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही नुकसान का सर्वे कराकर मदद की जाएगी। अपने भाषण में कहा की महुवा से चंबल तक एनएच के लिए केंद्र सरकार को लिखूंगा। मंडरायल में न्यायिक मजिस्ट्रेट और क्षेत्र के गांवों में पीएचसी के लिए आगामी 4 महीने में बजट आते ही सभी मांगों को पूरा करने की बात कही।

ईआरसीपी से होगा बाढ़ और सूखे का समाधान
ईआरसीपी से बाढ़ और सूखे की समस्या का समाधान होगा और किसानों की आय बढ़ेगी। इसके लिए सभी को प्रधानमंत्री पर दबाव बनाना होगा। मुख्यमंत्री ने रमेश मीणा के लिए कहा कि अच्छा विधायक मिला है। भक्त और कार्य करने वाला है, लेकिन कभी-कभी भाषा कड़क हो जाती है, लेकिन क्षेत्र लोगों की सेवा के लिए ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। महिलाओं को 3 साल की वैलेडिटी के साथ मोबाइल मिलेंगे। जनसभा को संबोधित कर लौटते समय रास्ते में लोगों को देखकर देखकर मुख्यमंत्री कार से उतर गए और उनसे हालात की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीपैड पर पहुंचे, जहां आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंद मेघवाल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा के साथ हेलिकॉप्टर में बैठकर जयपुर के लिए रवाना हो गए। जयपुर लौटते समय क्षेत्र में चंबल की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और हालातों की भी जानकारी ली।