May 12, 2024

जयपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भंवर लाल शर्मा के निधनोपरान्त उनके अंतिम दर्शन को लेकर भाजपा के मुख्यालय पर शामिल लोगों में उस वक्त सनसनी व घबराहट फैल गई जब उन्हें पता चला कि एक कार्यकर्ता जो दर्शन के लिए आया था उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है। वह कार्यकर्ता पुरानी बस्ती का रहने वाला था जिसे कोरोना रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल टीम रविवार को अस्पताल ले गई। इस बात की जानकारी होने के बाद अंतिम दर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं और नेताओं में हलचल मची हुई है। कुछ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खुद को होम क्वारेंटाइन भी कर लिया है। शर्मा के अंतिम दर्शन को लेकर मुख्यालय पर बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे। मुख्य सचेतक महेश जोशी सहित कुछ कांग्रेस नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की थी। हैरान करने वाली बात यह कि उक्त कार्यकर्ता ने कुछ समय पहले ही कोरोना का संशय होने पर जांच करवाई थी। इसके बावजूद वह कार्यकर्ता ना केवल असावधानी बरती अपितु कई लोगों के संपर्क में भी आया होगा। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढऩा भी जायज है। अब अंतिम दर्शन में जब उक्त कार्यकर्ता आया था उस वक्त सब जगह से वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी है।
यह रहे अंतिम दर्शन में शामिल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, आरएसएस के ही रामप्रसाद, शैलेंद्र, शिव लहरी, मूलचंद, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया, प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़, विधायक कालीचरण सराफ, नरपत सिंह राजवी, अशोक लाहोटी,जयपुर शहर अध्यक्ष सुनील कोठारी, विधायक संजय शर्मा, सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, सुरेंद्र पारीक, प्रदेश उपाध्यक्ष अलका गुर्जर, पूर्व मंत्री नाथू सिंह गुर्जर, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश पारीक, पंकज मीणा, पूर्व महापौर निर्मल नाहटा, पूर्व उपमहापौर मनोज भारद्वाज, मनीष पारीक, बोर्ड के चेयरमैन अशोक पांड्या, मोहन मोरवाल, पूर्व पार्षद एवं भाजपा के कई कार्यकर्ता थे।