May 2, 2024

कर्ज से परेशान बीजेपी नेता ने किया सुसाइड : 50 लाख रुपए कर्जा था, ऑडी कार और फार्म हाउस भी बेच दिया था

उदयपुर। BJP ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। BJP नेता 1500 लोगों की बिजनेस कमेटी (बीसी) चलाता था। उस पर 50 लाख रुपए का कर्जा हो गया था। इसके चलते वह डिप्रेशन में आ गया था। मामला उदयपुर के भूपालपुरा इलाके का गुरुवार का है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि BJP नेता प्रभु प्रजापत (58) 18 साल से भूपालपुरा और अशोक नगर के लोगों के साथ मिलकर बीसी चला रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लोगों का करोड़ों रुपए जमा था। कोरोना के बाद उस पर लाखों रुपए का कर्जा हो गया था। बीसी के जरिए उसे 50 लाख रुपए लोगों को देने थे। सामने आया कि प्रभु ने दीपावली के बाद लोगों को रुपए देने की बात कही थी। वह डिप्रेशन में आ गया था।
थानाधिकारी हनुवंत सिंह सोढ़ा ने बताया कि गुरुवार सुबह 6 बजे जब बेटी चाय देने के लिए कमरे में गई तो पिता फंदे पर लटके मिले। पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमाॅर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

कर्जा उतारने के लिए बेच दी थी ऑडी कार
प्रभु प्रजापत की उदयपुर में ही पशु आहार की शॉप है। बीसी के जरिए कई लोगों के रुपए उसके पास जमा थे। वह उन रुपए को दूसरी जगह इन्वेस्ट कर देता था। पुलिस ने बताया कि इसके बाद जब उस पर कर्जा बढ़ने लगा तो तीन साल पहले अपनी ऑडी कार बेच दी थी। इतना ही नहीं फार्म हाउस बेचकर भी उसने कुछ कर्जा उतारा था। कई लोगों के रुपए बाकी थे। इसके लिए कुछ दोस्तों से भी रुपए उधार लिए थे।

2 साल पहले 20 लाख रुपए लिए थे उधार
प्रभु 20 साल से BJP में एक्टिव था और 2 साल पहले ही उसे ओबीसी मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया था। प्रभु के घर BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी आए थे। गुलाबचंद कटारिया के साथ वे हर कार्यक्रमों में शामिल होते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महंगे शौक और लग्जरी लाइफ स्टाइल की वजह से रुपए खर्च हो जाते थे। 2 साल पहले उसने कर्जा उतारने के लिए 20 लाख रुपए दोस्तों और परिचितों से उधार भी लिए थे। पिछले कुछ दिनों से बीसी में रुपए जमा करवाने वाले लोग पैसे लौटाने की बात कह रहे थे।
प्रभु की दो बेटियां हैं। एक LLB और दूसरी ग्रेजुएशन कर रही है। इधर, परिजनों का कहना है कि प्रभु ने सुसाइड नहीं किया है और उन्हें हार्ट अटैक आया था। वे प्रभु पर किसी भी तरह के कर्जे से मना कर रहे हैं। जबकि पुलिस का कहना है कि कमरे में प्रभु फंदे पर लटके हुए मिले थे।