May 20, 2024

दो बहनों की विदाई से पहले बड़े भाई की मौत, बर्तन धोने जाते समय करंट आया, शव मॉर्च्युरी में रखाकर किया दुल्हनों को विदा

सिरोही। दो बहनों के फेरे होने के बाद विदाई की तैयारी चल रही थी। उसी समय बर्तन धोने के लिए जा रहे बड़े भाई की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार में चल रहा खुशी का माहौल गम में बदल गया। परिजनों ने शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर बहनों को विदा किया। मामला सिरोही जिले की पिंडवाड़ा का है।

सब इंस्पेक्टर पन्नालाल ने बताया कि पिंडवाड़ा तहसील मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर अजारी के फूटेला फली गांव निवासी सतरा राम जोगी की दो बेटियों की गुरुवार को शादी थी। एक बेटी सूरता की बारात चोली गांव से और दूसरी बेटी चंदी की बारात गुलाबगंज पालड़ी एम से आई थी। बारात सुबह 7 बजे पहुंची थी। सुबह 10 बजे फेरे होने के बाद विदाई का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान करीब 11.30 बजे दुल्हनों का बड़ा भाई छोगा राम (30) खाना बनाने के बाद एक बर्तन को धोने के लिए जा रहा था। इसी दौरान वहां लटक रहे बिजली के तार से करंट लगने से वह बेहोश होकर गिर गया।

वहां मौजूद लोग उसे पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर शव को उन्होंने अस्पताल की मॉर्च्युरी में यह कहकर रखवा दिया की घर में दो बेटियों की शादी है। उनको विदा करने के बाद वह शव को लेकर जाएंगे। इसके बाद परिजन घर लौट आए और दुल्हनों की विदाई की तैयारी करने लगे। इस दौरान बहनों ने कहा- पहले भाई को बुलाओ, उसके बाद विदाई होगी। परिजनों ने कहा- उसकी तबीयत ठीक नहीं होने पर इलाज के लिए पालनपुर ले गए हैं। इसके बाद किसी तरह दोनों बहनों को समझाकर विदाई की गई।