May 20, 2024

नगर निगम में गुटका, सिगरेट, तंबाकू पर बैन लगा, मेयर बोली- अधिकारियों और कर्मचारियों के बाद आम जनता पर लागू करेंगे नियम

जयपुर। जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने वाले नगर निगम ने अब अपने कर्मचारियों को स्वस्थ और निगम परिसर को स्वच्छ बनाने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत अब जयपुर नगर निगम हेरिटेज परिसर में गुटका, पान, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू जैसे उत्पादों का सेवन नहीं किया जा सकेगा। इसको लेकर नगर निगम के आयुक्त अभिषेक सुराना ने आदेश भी जारी कर दिया है।

ऐसे में अगर बुधवार से नगर निगम हेरिटेज का कोई कर्मचारी या अधिकारी नगर निगम परिसर, जोन ऑफिस या फील्ड में काम के दौरान पान, गुटका, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू जैसे किसी भी उत्पाद का उपयोग करता पाया गया। उसके खिलाफ अनुशात्मक कार्रवाई के साथ 200 रुपए नगद जुर्माना भी वसूला जाएगा।

जयपुर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी

जयपुर नगर निगम हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर ने कहा- जयपुर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी उठाने वाले अधिकारी और कर्मचारी ही अगर गुटका, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू जैसे उत्पादों का प्रयोग करेंगे तो हम जनता और जयपुर आने वाले लाखों पर्यटकों को क्या संदेश देंगे। इस बात को ध्यान में रखते हुए आज से नगर निगम परिसर के साथ ही निगम में काम करने वाले 4500 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारियों के तरह के उत्पादन के प्रयोग पर रोक लगाई है।

गुर्जर ने कहा- जब नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी इस नियम को अच्छी तरह लागू करेंगे। उसके बाद इसे जयपुर शहर की जनता के लिए भी लागू किया जाएगा। ताकि जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही आम जनता को स्वस्थ रखा जा सके।