May 19, 2024

खेत में मिला हैंड ग्रेनेड, पुलिस ने बीएसएफ अधिकारियों को दी सूचना

अनूपगढ। खेत में काम कर रहे किसान को एक हैंड ग्रेनेड मिलने का मामला सामने आया है। मामला भारत-पाकिस्तान के सीमावर्ती जिले अनूपगढ़ के गांव 77 जीबी का है। जिस समय खेत में हैंड ग्रेनेड मिला, उस समय किसान खेत में पानी लगाने का काम कर रहा था। किसान ने इसकी सूचना अनूपगढ़ डीएसपी अमरजीत चावला को दी। सूचना मिलने पर डीएसपी अमरजीत चावला ने अनूपगढ़ पुलिस थाने के एसएचओ अनिल कुमार को टीम के साथ मौके पर भेजा।

पहले भी मिले थे 2 बम
एसएचओ अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड का निरीक्षण करने के बाद उसे सुरक्षित गड्ढे में दबा दिया और इसकी सूचना बीएसएफ के अधिकारियों को दी। किसान अवतार सिंह ने बताया कि जुलाई 2023 में भी उसके खेत से महज 200 मीटर की दूरी पर 2 हैंड ग्रेनेड मिले थे। जिन्हें अगस्त 2023 में आर्मी ने डिफ्यूज कर दिया था।

पानी लगाते समय मिला हैंड ग्रेनेड
किसान अवतार सिंह ने बताया कि उसके खेत में गुरुदत्त सिंह (34) पुत्र मनजीत सिंह और महेंद्र सिंह (42) पुत्र पोला सिंह पानी लगा रहे थे। पानी लगाते समय उन्हें मंगलवार को दोपहर 1 बजे खेत में बम जैसी चीज दिखाई दी। इसकी सूचना दोनों ने उसे (किसान अवतार सिंह) को दी। सूचना मिलने पर अवतार सिंह दोपहर 2 बजे खेत में पहुंचा तो देखा कि खेत में एक बम पड़ा हुआ है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डीएसपी अमरजीत चावला को दी। डीएसपी के निर्देश पर अनूपगढ़ एसएचओ अनिल कुमार दोपहर 2:45 पर मौके पर पहुंचे।

हैंड ग्रेनेड को गड्ढे में सुरक्षित दबाया
एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि यह हैंड ग्रेनेड एचई-36 है, इसकी पिन निकली हुई है, प्राथमिक तौर पर नजर आता है कि यह बहुत पुराना बम है, जिसको जंग लग गई हैं, संभवतया इन्हीं कारणों से यह फटा नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि यह मॉकड्रिल के लिए उपयोग किया हुआ बम भी हो सकता हैं। थानाधिकारी ने बम मिलने की सूचना सीमा सुरक्षा बल को दी। इसके बाद दोपहर 3:20 बजे बम को खेत में गड्ढा खोद कर सुरक्षित दबवा दिया गया।

जुलाई 2023 में भी मिले थे 2 हैंड ग्रेनेड
अवतार सिंह ने बताया कि जुलाई 2023 में भी खेत में काम करते समय किसान हरदेव सिंह के खेत में 2 हैंड ग्रेनेड भी मिले थे। आर्मी के द्वारा इन्हें सुरक्षित गड्ढे में दबा दिया गया था और अगस्त 2023 में आर्मी के द्वारा इन दोनों हैंड ग्रेनेड को डिफ्यूज किया गया था।