May 16, 2024

कार सहित नाले में बहे दंपती: यूथ कांग्रेस जिला महासचिव की पत्नी की मौत

जोरदार बारिश के बाद नाला उफनकर सड़क पर बहने लगा। उसी सड़क से निकल रहे यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव और उसकी पत्नी कार सहित नाले में बह गए। पति करीब 300 मीटर बहने के बाद सुरक्षित बच निकला, पर पत्नी की मौत हो गई। मामला जालोर के जसवंतपुरा इलाके का है।

तेज धार में फंसी गाड़ी
जालोर-सिरोही यूथ कांग्रेस जिला महासचिव सोमता निवासी दिनेश कुमार पुरोहित (40) अपनी पत्नी भंवरी देवी (35) के साथ मंगलवार को सोमता गांव के महादेव मंदिर में दर्शन करने के गए थे। दोपहर करीब 12 बजे लौटते समय बीच रास्ते में तेज बारिश शुरू हो गई। नाला उफनकर सड़क पर बहने लगा था। इसी दौरान उनकी कार निकली। तेज धार ने कार को चपेट में ले लिया। दिनेश कार को संभाल नहीं पाए।

बंद हो गई थी कार
कार बंद हो गई। कुछ दूर आगे जाकर दिनेश तो कार से निकलने में कामयाब हो गए, पर पत्नी भंवरी देवी फंसी रहीं। वो पीछे की सीट पर बैठी थीं। कांच बंद होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाईं। आसपास के लोगों की मदद से भंवरी को रामसेन गवर्नमेंट हॉस्पिटल ले गए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी सोमता निवासी भंवर सिंह ने बताया कि करीब 300 मीटर तक बहने के बाद दिनेश सुरक्षित निकले थे।

लोगों ने किया था मना
मौके पर खड़े लोगों ने तेज धार होने के कारण दिनेश को आगे बढ़ने से मना किया था। फिर भी दिनेश नहीं माने। उन्हें लगा था कि धार कम है। दिनेश जालोर-सिरोही यूथ कांग्रेस के महासचिव हैं। उनके 5 बच्चे हैं।