May 20, 2024

कर रहे थे ये काम पुलिस ने मारा छापा, 11 लोग हिरासत में

जोधपुर. जोधपुर शहर में कैसिनो। अधिकांश लोग मानने को भी तैयार नहीं होंगे। शहर के बासनी क्षेत्र में पुलिस थाने से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर एक मकान में धड़ले से कैसिनो चल रहा था। विदेश में खेले जाने वाले कैसिनो की देसी रूपान्तरण कर उसके माध्यम से बाजी लगाई जा रही थी। बासनी पुलिस को इसकी भनक ही नहीं लगी। आखिरकार आज एसीपी नूर मोहम्मद ने इस मकान पर छापा मार कैसिनो के खेल का भंडाफोड़ किया। उन्होंने वहां से 11 लोगों को हिरासत में लेने के साथ साढ़े आठ हजार रुपए भी बरामद किए है। इसका संचालक पुलिस के पहुंचते ही भाग निकला।

एसीपी नूर मोहम्मद ने बताया कि आज उन्हें सूचना मिली थी कि बासनी क्षेत्र के एक मकान में जुआ चल रहा है। इसके बाद उनकी टीम ने तुरंत इस मकान पर दबिश दी। पुलिस को वहां देख देसी कैसिनों पर दांव लगा रहे लोगों में हड़कंप मच गया। वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। कैसिनो का संचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने वहां दांव लगा रहे और देसी कैसिनो को चला रहे 11 लोगों को पकड़ लिया।

इस मकान में अन्य तरीकों से जुआ खेलने का सामान भी मिला है। यह मकान बासनी पुलिस थाने से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर ही स्थित है। इसके बावजूद वहां की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी कि उनके क्षेत्र में इस तरह का खेल खेला जा रहा है। पकड़े गए लोगों में अधिकांश फैक्ट्रियों में मजदूरी करने वाले लोग है। जो अधिक राशि कमाने के फेर में अपने गाढ़े पसीने की मेहनत से अर्जित राशि भी यहां गंवा बैठते है।