May 19, 2024

कुत्ते की पिटाई करने पर पति-पत्नी से मारपीट : दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में कराया भर्ती

चूरू। चूरू के दूधवाखारा थाना इलाके के सिरसला गांव में कुत्ते की पिटाई करने पर 2 महिलाओं सहित 5 लोगों ने पति-पत्नी से मारपीट की। मारपीट में दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में घायल सिरसला निवासी ईमरती देवी और बजरंगलाल ने बताया कि सोमवार शाम पड़ौसी का कुत्ता उनके बेटे पर भौंक रहा था। उसी दौरान उन्होंने कुत्ते को चप्पल मारी। कुत्ते को मारने पर सोमवार देर शाम सिरसला निवासी टोरूराम, भवानी, योगेन्द्र, उषा देवी और गोरा ने उनके साथ लाठी से मारपीट की। जिससे बजरंगलाल के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं ईमरती देवी के हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर दूधवाखारा पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहीं अस्पताल चौकी पुलिस ने वार्ड में पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। वहीं देर रात दूधवाखारा पुलिस के कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली।